RLSP के तीनों विधायक JDU में शामिल, उपेंद्र कुशवाहा को फिर लगा बड़ा झटका

उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। विपक्षी दलों के फिलहाल अच्‍छे दिन नहीं चल रहे हैं, ये बात रविवार को एक बार फिर साबित हो गयी। लोकसभा चुनाव में खाता खोलने में नाकाम रही पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) को आज एक बड़ा झटका उस समय लगा जब द्विसदन विधानमंडल में उसके तीनों सदस्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल हो गये।

यह भी पढ़ें- बोले उपेंद्र कुशवाहा, लोकसभा चुनाव के लिए BJP ने नहीं की सम्‍मानजक सीटों की पेशकश

इसकी पुष्टि करते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और विधान परिषद के उपसभापति हारुन रशीद ने कहा है कि आरएलएसपी के दो विधायकों ललन पासवान और सुधांशु शेखर और विधान परिषद सदस्य संजीव सिंह श्याम ने शुक्रवार को इस संबंध में पत्र भेजे थे।

यह भी पढ़ें- मोदी की कैबिनेट से उपेंद्र कुशवाहा का इस्तीफा, कहा उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे प्रधानमंत्री, नहीं आए अच्छे दिन

आज पटना में चौधरी और रशीद ने मीडिया से कहा कि विधायकों ने जदयू से अनुमोदन के पत्र भी संलग्न किए थे। उन्हें औपचारिकताओं के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए कहा गया था। इसलिए, उन्हें जदयू विधायक माना जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले आरएलएसपी के विधायकों ने कुशवाहा के राजग से संबंध खत्म करके महागठबंधन में शामिल होने के निर्णय का विरोध किया था। उन्होंने घोषणा की है कि वे सत्तारूढ़ गठबंधन में बने रहेंगे और चुनाव आयोग से वास्तविक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के रूप में मान्यता प्राप्त करेंगे। बिहार में लोकसभा चुनावों में राजग को जबरदस्त सफलता मिली है जहां उसने राज्य की 40 सीटों में से एक सीट को छोड़कर सभी पर जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें- पटना: शिक्षा में सुधार को लेकर प्रदर्शन कर रहे रालोसपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, उपेन्द्र कुशवाहा समेत कई घायल

बताते चलें कि कुशवाहा 2013 तक जदयू के साथ थे। इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार के साथ मतभेदों के चलते पार्टी और राज्यसभा की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी पार्टी बनाई और राजग के साथ जुड़ गये और 2014 के लोकसभा चुनावों में उनकी पार्टी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा और तीनों पर जीत हासिल की। हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में आरएलएसपी ने राजद, कांग्रेस और दो अन्य छोटे संगठनों के साथ गठबंधन में पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था और मोदी लहर के सामने उसे सभी सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा।

यह भी पढ़ें- बिहार में सीट शेयरिंग का फॉमूला तय, जानें कांग्रेस समेंत दूसरे दलों के हिस्‍से आईं कितनी लोकसभा सीटें