अनंत सिंह पर एक्शन, छह साल के लिए JDU से निष्कासित, पत्नी नीलम देवी की भी सदस्यता रद्द

अनंत सिंह
अनंत सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह के खिलाफ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनकी पत्नी नीलम देवी पर भी कार्रवाई की गई है और उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर उन्हें भी छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- दुलारचंद मर्डर केस में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत

ये कदम बिहार विधानपरिषद चुनाव में जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन देने के बाद उठाया गया। जेडीयू ने यह भी कहा है कि वह विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से अनंत सिंह को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित करने की सिफारिश करेगी। जेडीयू ने निष्कासन के पीछे कई कारण बताए हैं। जिनमें पार्टी के निर्देशों का बार-बार उल्लंघन करना, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ कथित तौर पर अनुचित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना तथा विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ दूसरी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन करना शामिल है।

अनंत सिंह के बागी तेवर आए थे सामने

पार्टी की ओर से जारी आदेश में नीलम देवी के खिलाफ भी दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को हुए विधान परिषद चुनाव के मतदान के बाद की गई। मतदान के दिन भी अनंत सिंह के बागी तेवर सामने आए थे। अपने समर्थक छोटू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने जदयू और पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार पर निशाना साधा था।

समर्थक के साथ हुआ अत्याचार

अनंत सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके समर्थक के साथ अत्याचार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा था कि नीरज कुमार के पिछले चुनावों में उन्होंने उनका विरोध किया था, लेकिन पार्टी ने उस समय कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाया है। हालांकि, विधायक के रूप में अनंत सिंह की अयोग्यता पर अंतिम फैसला विधानसभा अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में होगा।

यह भी पढ़ें- जेल से रिहा होते ही अनंत सिंह का ऐलान, JDU से लड़ेंगे अगला विधानसभा चुनाव