आरयू वेब टीम। दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार को विधानसभा और विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की ईमेल पर धमकी भेजी गई थी, जिसमें लिखा था कि सभी मुस्लिम कर्मचारियों को परिसर से तुरंत हटा लिया जाए। ईमेल में तीन घंटे के अंदर साइनाइड गैस से भरे 15 आरडीएक्स बम धमाकों की धमकी थी। सूचना मिलने के बाद डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने परिसर की तलाशी ली।
इस बार धमकी भरा ईमेल हिंदी में लिखकर भेजा गया था, जो अमूमन अंग्रेजी में लिखा मिलता था। इसमें लिखा था, “किसी भी ब्राह्मण को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) में शामिल नहीं होना चाहिए। अगर वे शामिल होता है तो उसे अपने कपड़े उतारकर नग्न अवस्था में आना होगा और पेरियार-अंबेडकर जिंदाबाद के नारे लगाना होगा। केवल तभी उसे हमारे साथ शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। एसवी शेखर एक ब्राह्मण हैं, जो डएमके में शामिल हुए हैं।”
धमकी में आगे लिखा है, “अब आपकी विधानसभा को इसलिए उड़ा दिया जाएगा क्योंकि आपने उन्हें एक ब्राह्मण भाजपा एजेंट के रूप में डीएमके और दक्षिण भारत भेजा है।” ईमेल के नीचे निवेथा पेथुराज- उदयनिधि थेविदिया लिखा है। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक कुछ पता नहीं चला है।
यह भी पढ़ें- 230 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट को मिली टिश्यू पेपर के जरिये बम की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में चुनाव हैं और मतगणना प्रक्रिया चार मई को शुरू होगी।
पिछले हफ्ते दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा को धता बताते हुए एक व्यक्ति कार में सवार होकर विधानसभा का गेट तोड़कर अंदर घुस गया था। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी सरबजीत सिंह के तौर पर हुई थी।




















