आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या आज एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलिकॉप्टर में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण राजधानी के अमौसी एयरपोर्ट पर इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
मिली जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम लखनऊ के ला मार्ट्स मैदान से कौशांबी जाने के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद हेलिकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा और डिस्प्ले अचानक बंद हो गई, जिससे अंदर बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत लखनऊ एटीसी से संपर्क किया और अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, इमरजेंसी लैंडिंग करते समय पीछे का हिस्सा टूटा
जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी लैंडिंग के समय एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया।
जैसे ही हेलिकॉप्टर जमीन पर उतरा, सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने तुरंत उसे घेर लिया और उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में इसे तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही असली कारण का पता लग सकेगा।




















