राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर विवादित बयान से बढ़ी TMC नेता अखिल गिरी की मुश्किल

भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी
भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की ममता सरकार में मंत्री अखिल गिरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर विवादित बयान देने के बाद मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। अखिल गिरी के खिलाफ अब भाजपा सांसद लॉकेट चैटर्जी ने दिल्ली की नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ममता के मंत्री के विवादित बयान पर दिल्ली से लेकर बंगाल तक घमासान छिड़ गया है।

भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने अखिल गिरी के ख़िलाफ पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लॉकेट चटर्जी आज दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अखिल गिरी के खिलाफ शिकायत में दी और एफआइआर दर्ज करने की मांग की। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अखिल गिरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर बंगाल के नंदीग्राम में एक बेहद आपत्तिजनक बयान दिया था। इस बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है।

भाजपा सांसद ने ममता के मंत्री की बर्खास्तगी की भी मांग की है। लॉकेट ने कहा कि ममता बनर्जी अखिल गिरी को तुरंत बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि मंत्री की करतूत पर ममता चुप क्यों हैं? बंगाल की सीएम अखिल गिरी को पार्टी से निकालें। लॉकेट चटर्जी ने कहा कि अखिल गिरी का बयान टिएमसी का कल्चर है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मंत्री और टीएमसी नेता अखिल गिरि ने नंदीग्राम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर अपमानजनक टिप्पणी कर दी थी। ममता के मंत्री ने कहा, “हम किसी को उनकी शक्ल से नहीं आंकते, हम राष्ट्रपति के पद का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं?” टीएमसी नेता अखिल गिरि की इस बयान को लेकर खासी किरकिरी हो रही है।