यूपी: भीषण गर्मी में चुनाव ड्यूटी कर रहे सात होमगार्ड जवानों की मिर्जापुर में मौत, 18 भर्ती

होमगार्ड जवानों की मौत
घटना की जानकारी पर अस्‍पताल पहुंची पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मिर्जापुर। यूपी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। इस बीच एक जून को लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण की वोटिंग होनी है। जिससे पहले मिर्जापुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां चुनावी ड्यूटी पर आए सात होमगार्डों की भीषण गर्मी और लू की वजह से मौत हो गई है, जबकि 18 होमगार्ड को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर में चुनावी ड्यूटी करने आए 25 से अधिक होमगार्ड पोलिंग पार्टी रवाना होने की जगह पर पॉलिटेक्निक मैदान पहुंचे गए थे। यहां आकर अचानक उनकी तबियत खराब होने लगी। आनन-फानन में सभी को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया। इस दौरान सात होमगार्ड ने दम तोड़ दिया। फिलहाल करीब 18 होमगार्डों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

वहीं होमगार्डों की मौत की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। फिलहाल होमगार्ड के इलाज में डॉक्टर जुटे हुए हैं। साथ ही प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी में भी खुले थे स्‍कूल, बच्चे व शिक्षक सहित 95 की तबीयत बिगड़ी, कराना पड़ा भर्ती

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरबी कमल ने कहा कि हमारे पास टोटल 23 जवान आए हैं, जिसमें से एक पीएसी का है, एक फायर सर्विस का है और एक पुलिस का है, बाकी 20 होमगार्ड जवान थे। सात होमगार्ड जवानों की मौत हुई है। दो जवान अभी गंभीर अवस्था में हैं। जवानों की मौत को लेकर उन्होंने कहा कि जब हमारे पास आए तो उन्हें तेज बुखार था, शुगर लेवल और बीपी बहुत बढ़ा हुआ था। इनकी मौत की वजह ब्रेन स्ट्रोक भी हो सकता है।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी से झुलसा लखनऊ समेत पूरा प्रदेश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट