एकनाथ शिंदे का बड़ा फैसला, MLC के लिए पिछली सरकार के 12 प्रस्तावित नाम लिए वापस

एकनाथ शिंदे का फैसला

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 2020 में पिछली एमवीए सरकार की ओर से भेजे गए 12 एमएलसी नामांकनों की लिस्ट को वापस लेने की अनुमति दे दी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिखा और पिछली एमवीए सरकार द्वारा 2020 में भेजे गए 12 एमएलसी नामांकनों की सूची को वापस ले लिया।

सरकार ने नामों को वापस लेते हुए राजभवन को सूचित किया कि वह इसके लिए एक नई सूची भेजेगी। पिछली एमवीए सरकार ने उन 12 नामों की लिस्ट दी थी जिन्हें राज्यपाल कोटे के तहत महाराष्ट्र विधान परिषद में नामित किया जाना था, हालांकि राज्यपाल ने दो साल से अधिक समय पहले मिली इस सूची पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया।

उद्धव ठाकरे की ओर से राजभवन को भेजी गई सूची में शिवसेना कोटे से अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, विजय करंजकर, नितिन बानुगड़े पाटिल और चंद्रकांत रघुवंशी, एनसीपी कोटे से एकनाथ खडसे, राजू शेट्टी, यशपाल भिंगे व गायक आनंद शिंदे और कांग्रेस कोटे से रजनीताई पाटिल, सचिन सावंत, अनिरुद्ध वांकर, मुजफ्फर हुसैन के नाम शामिल थे।

यह भी पढ़ें- फ्लोर टेस्ट में पास हुई एकनाथ शिंदे सरकार, शिवसेना के दो और विधायक हुए बागी

गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार जा चुकी है और अब एमएलसी की सीटों का बंटवारा शिंदे गुट और भाजपा के बीच होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा को एमएलसी की नौ सीटें दी जा सकती हैं, जबकि शिंदे गुट के खाते में तीन सीटें जा सकती हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिंदे गुट की ओर से चार सीटों का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का विस्तार, शिंदे गुट व भाजपा के नौ-नौ सदस्यों ने ली शपथ