लखनऊ में स्‍ट्रांग रूम की तरफ जा रही गा‍ड़ी को सपाइयों ने रोका, EVM में हेराफेरी का आरोप लगा किया प्रदर्शन

ईवीएम में हेराफेरी
प्रदर्शन करते सपाई।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। रमा बाई अम्बेडकर स्थल पर स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उस समय हंगामा किया जब लखनऊ में स्ट्रांग रूम की तरफ एक गाड़ी जा रही थी, जिसका सपाइयों ने विरोध किया। सपाइयों ने ईवीएम में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाया और इसके विरोध में रमा बाई चौराहे पर प्रदर्शन किया। साथ ही इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेज कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की भी मांग की।

सपा प्रवक्ता मधु सिंह यादव का कहना है कि एक गाड़ी स्ट्रांग रूम की ओर जा रही थी। उसे रोक कर चेक किया गया तो गाड़ी में प्लास, हथौड़ी, लॉक सील करने की सामग्री बरामद हुई है। गाड़ी में बैठा शख्स खुद को रिटर्निंग अफसर बता रहा है। सपा कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पूर्व मंत्री व सपा के लखनऊ मध्य क्षेत्र के प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा ने इसे साजिश बताया।

यह भी पढ़ें- EVM में गड़बड़ी को लेकर सपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत

गौरतलब है कि सपा कार्यकर्ता मतदान के बाद से ही रमाबाई अम्बेडकर स्थल की निगरानी कर रहे हैं। प्रतिदिन एक विधानसभा को इसका जिम्मा दिया जाता है। सोमवार को लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को निगरानी में लगाया गया था। रविदास मेहरोत्रा और जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत सहित कई कार्यकर्ता उस समय भड़क गए जब एक अधिकारी सरकारी वाहन से वहां आये। कार्यकर्ताओ ने कहा कि ये प्रतिबंधित क्षेत्र है जहां अधिकारी वाहन सहित पहुंच गए। इसे लेकर अधिकारी और कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक होने लगी। देर शाम तक हंगामा चलता रहा।

यह भी पढ़ें- #UPElection: चौथे चरण के मतदान में EVM में मिली फेवीक्विक, तो कही भाजपा के पक्ष में जबरदस्‍ती मतदान कराने का आरोप