फिर तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिरे पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, अस्पताल में भर्ती, AAP नेताओं में रोष

भर्ती सत्येंद्र जैन
अस्पताल में भर्ती सत्येंद्र जैन।

आरयू वेब टीम। दिल्ली सरकार के पूर्व स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। तिहाड़ जेल के बाथरूम में चक्कर आने से सत्येंद्र जैन गिर गए। जिसके बाद सत्येंद्र जैन को आनन-फानन में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले भी सत्येंद्र जैन बाथरूम में गिरे थे और उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। बीते एक हफ्ते में दूसरी बार सत्येंद्र जैन को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

वहीं यह बात सामने आने के बाद आप के नेता व कार्यकर्ताओं में मोदी सरकार के प्रति रोष बढ़ गया है। आप सांसद संजय सिहं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा है कि जुर्म का अंत होगा, तानाशाह हटेगा और समय बदलेगा।

जानकारी के मुताबिक सत्येंद्र जैन तिहाड़ के जेल नंबर-7 में बंद हैं। वो आज सुबह छह बजे बाथरूम में चक्कर खाकर गिर गए थे। उनके गिरने की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी पहुंचे और उनको आनन-फानन में दीन दयाल अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा। एहतियात के तौर पर उनके कई टेस्ट करवाए जाएंगे। सत्येंद्र जैन की स्पाइन की सर्जरी भी होनी है। स्पाइन में प्रॉबलम की वजह से वो कमर में बेल्ट पहनते हैं।

इससे पहले बीती 22 मई को भी सत्येंद्र जैन जेल के बाथरूम में चक्कर खाकर गिर गए थे। तब उनको सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि जेल में सत्येंद्र जैन का 35 किलोग्राम वजन घट गया है।

यह भी पढ़ें- जेल में बंद AAP नेता सत्येंद्र जैन की बिगड़ी तबीयत, अस्‍पताल में नजर आएं बेहद कमजोर

ईडी ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे सत्येंद्र जैन को 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था, तभी से सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में बंद हैं। तेजी से वजन घटने की वजह से वह काफी कमजोर हो गए हैं। सत्येंद्र जैन की इस हालत के लिए आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार और बीजेपी को जिम्मेदार बताती है।

यह भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग केस में सत्येंद्र जैन को झटका, HC से भी जमानत अर्जी खारिज