आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई है। मायावती ने इशारों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में आए एकतरफा नतीजे न सिर्फ अचंभित करने वाले हैं, बल्कि ऐसे परिणाम गले से उतरना भी बेहद मुश्किल हैं।
चार राज्यों के चुनावी नतीजे के अगले दिन यूपी की पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया के जरिए इस पर प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने आज एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के चार राज्यों में हुए विधानसभा आमचुनाव के परिणाम एक पार्टी के पक्ष में एकतरफा होने से सभी लोगों का शंकित, अचंभित व चिंतित होना स्वाभाविक, क्योंकि चुनाव के पूरे माहौल को देखते हुए ऐसा विचित्र परिणाम लोगों के गले के नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल।
गंभीर चिंतन व समाधान जरूरी
अपने दूसरे पोस्ट में मायावती ने तर्क देते हुए आगे कहा कि पूरे चुनाव के दौरान माहौल एकदम अलग व कांटे के संघर्ष जैसा दिलचस्प था, लेकिन चुनाव परिणाम उससे बिल्कुल अलग होकर पूरी तरह से एकतरफा हो जाना, यह ऐसा रहस्यात्मक मामला है जिसपर गंभीर चिंतन व उसका समाधान जरूरी है। लोगों की नब्ज पहचानने में भयंकर भूल-चूक चुनावी चर्चा का नया विषय।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने जारी की दस उम्मीदवारों की लिस्ट
अजूबे परिणाम से निराश कतई भी नहीं होना
वहीं विधानसभा चुनावों में बसपा को बुरी तरह शिकस्त मिलने पर मायावती ने अपने पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं का भी आज हौसला बढ़ाने की कोशिश की है। पूर्व सीएम ने कहा कि बीएसपी के सभी लोगों ने पूरे तन, मन, धन व दमदारी के साथ चुनाव लड़ा, जिससे माहौल में नई जान आई लेकिन उन्हें ऐसे अजूबे परिणाम से निराश कतई भी नहीं होना है, बल्कि बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना है।
दस दिसंबर को बसपा करेगी लखनऊ में मंथन
इसके साथ बसपा सुप्रीमो ने आज चुनावी नतीजों पर मंथन व आगे की तैयारियों के लिए बैठक भी बुलाई है। इसकी जानकारी देते हुए मायावती ने कहा कि इस चुनावी परिणाम के संदर्भ में जमीनी रिपोर्ट लेकर आगे लोकसभा चुनाव की नए सिरे से तैयारी पर विचार-विमर्श के लिए पार्टी की आल इंडिया की बैठक आगामी दस दिसंबर को लखनऊ में आहुत की गयी है।। चुनाव परिणाम से विचलित हुए बिना अंबेडकरवादी मूवमेंट आगे बढ़ने की हिम्मत कभी भी नहीं हारेगा।




















