गर्मी से मिलेगी राहत, भारतीय मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना

गर्मी से मिलेगी राहत
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। गर्मी झेल रहे नई दिल्ली, पश्चिमी यूपी, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में आज लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार है। इन सभी इलाकों में भारतीय मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है।

बुधवार को भारतीय मौसम विभाग ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के हिसार हांसी, सिवानी, तोशाम, भिवानी में अगले दो घंटों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने राजस्थान के सादुलपुर में भी हल्की बारिश की संभावना जताई।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान, देश में इस साल सामान्‍य रहेगा मानसून

इससे पहले भारतीय मौसम विभाग द्वारा पश्चिमी यूपी के देवबंद, मुरादाबाद, बिलारी, अमरोहा, नजीबाबाद व बिजनौर, राजस्थान के भादरा व सिधमुख और दिल्ली एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में भी बारिश की संभावना जताई गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में  दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- मुंबई में भारी बारिश, डूबा महानगर, कई जगहों पर हुआ भारी ट्रैफिक जाम

दिल्ली में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 51 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 24.2 डिग्री सेल्सियस और 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।