मुंबई में भारी बारिश, डूबा महानगर, कई जगहों पर हुआ भारी ट्रैफिक जाम

बारिश से मुंबई बेहाल

आरयू वेब टीम। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मॉनसून की पहली जोरदार बारिश हुई है। शुक्रवार सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में बारिश होने की वजह से जगह-जगह जाम लग तो कई जगह पानी भी भरने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार घंटे में मुंबई में इसी तरह की बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, नवी मुंबई, मुंबई, पालघर के इलाकों में अगले चार घंटे में भारी बारिश हो सकती है। आज सुबह आई बारिश की वजह से मुंबई में विजिबिलिटी भी कम हो गई थी। सुबह एक फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया था। मुंबई एयरपोर्ट के पास सुबह विजिबिलिटी 1000 मीटर से भी कम थी।

बारिश के कारण पानी भर रहा है तो वहीं बीएमसी के लिए चिंता का विषय बन रहा है। लोग सोशल मीडिया पर लगातार बीएमसी को पानी जमा होने की शिकायत कर रहे हैं, तो वहीं जाम लगने की भी शिकायत की जा रही है। कुछ देर की बरसात से ही मुंबई की सड़कों पर पानी भरना शुरू हो गया। अब इसी पानी की वजह से सड़कों पर जाम भी लग रहा है। यहां वेस्टर्न एक्सप्रेस वे पर तो काफी लंबा जाम है और सैकड़ों गाड़ियां फंस रही। लोग इसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा भी कर रहे हैं। जो तेजी से वॉयरल हो रहे हैं।

इतना ही नहीं बोरिवली, नरिमन प्वाइंट, अंधेरी, धारावी, वसई, कांदिवली इलाकों में भी पानी भर गया है। माना जा रहा है कि जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून दिल्ली पहुंचेगा। स्काईमेट के अनुसार 24 से 36 घंटे के अंदर मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इससे पहले बुधवार सुबह अंधेरी और सांताक्रूज में हल्की फुल्की बारिश हुई थी।