मराठा आरक्षण को लेकर मुंबई में दूसरे दिन भी हिंसक प्रदर्शन, बसों पर हमला, भारी पुलिस बल तैनात

मराठा आरक्षण
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लगी आग।

आरयू वेब टीम। 

आरक्षण की मांग को लेकर चल रहे मराठा आंदोलन ने बुधवार को भी मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और महाराष्ट्र के कई अन्य इलाकों में हिंसक प्रदर्शन ने अपनी चपेट में ले लिया। प्रदर्शनकारियों के पथराव में एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य जख्मी हो गए। आज सुबह से ही मुंबई में कई जगहों पर बेस्ट बसों पर पथराव करने के साथ ही कई गाड़ियों को भी फूंका, मुंबई के कांजुर मार्ग और भांडुप इलाकों में दो बसों पर प्रदर्शनकारियों ने हमला भी किया। पथराव में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: हिंसक हुआ मराठा आंदोलन, तोड़फोड़ के साथ की गयी आगजनी

परिवहन निगम के अधिकारी ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने नौ सरकारी बसों पर हमला किया है, जिसमें मुंबई के कंजुरमार्ग और भांडुप इलाकों सहित अन्य जगहों पर सरकारी बसों पर पथराव किये और उनकी खिड़कियां तोड़ दीं। अधिकारी ने यह भी बताया कि बसों पर हो रहे पथराव को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बीईएसटी) ने प्रभावित इलाकों में अपनी सेवा आंशिक रूप से निलंबित कर दी है और हालात सुधरने पर ही उसे पूर्ण रूप से बहाल करेगी।

ठाणे में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती दुकानें बंद करवाईं। तो दूसरी ओर बांद्रा में मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से हाथ जोड़कर बंद का पालन करते हुए दुकानें बंद करने की गुजारिश की। इतना ही नहीं दो प्रदर्शनकारियों ने खुदकुशी करने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें- तूतीकोरिन में वेदांता कंपनी के खिलाफ हिंसक हुआ प्रदर्शन, नौ की मौत, 40 घायल

प्रदर्शन के समर्थन में उतरे मोदी के मंत्री

वहीं मोदी सरकार में मंत्री और रिपल्बिकन पार्टी के नेता रामदास अठावले ने कहा कि मैं मराठा आरक्षण की मांग का समर्थन करता हूं। मैं प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करता हूं। हमें संसद में एक कानून बनाने की जरूरत है और आरक्षण को 50 प्रतिशत से 75 फीसदी तक बढ़ाने की जरूरत है। हम इस मुद्दे को एनडीए के समक्ष उठाएंगे।

सड़के खाली, बढ़ी सुरक्षा-व्‍यवस्‍था

बंद की वजह से नवी मुंबई में लगभग सभी दुकानें बंद हैं। सड़कें पूरी तरह से खाली हैं, ऑटो-रिक्शा भी नहीं चल रहे हैं। बंद को देखते हुए मुंबई समेत कई दूसरे इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा ऐहतियातन मुंबई के भाजपा दफ्तर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बताते चलें कि मंगलवार को मराठा क्रांति मोर्चा ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बंद का ऐलान किया था। इस दौरान हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला था। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों और बसों को आग के हवाले कर दिया था। साथ ही कई जगहों पर चक्का जाम भी कर दिया था।

यह भी पढ़ें- औरंगाबाद में भड़की हिंसा, दो की मौत, 16 पुलिसकर्मियों सहित 41 घायल,