सड़क हादसे में पति की मौत के बाद महिला ने लगा दी गोमती नदी में छलांग

गोमती नदी में लगाई छलांग

आरयू संवाददाता, लखनऊ। पति की मौत से आहत पत्नी ने बुधवार को गोमतीनगर स्थित गांधी सेतु से गोमती नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में कूदते ही पुल पर भीड़ जुट गई। लोगों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। इसी बीच मछली पकड़ रहे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के परिजनों की इसकी खबर दी और उनके आने पर महिला को उनके हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें- गोमती नदी में कूदकर युवती ने दी जान

इस संबंध में पुलिस ने मीडिया को बताया कि नदी में छलांग लगाने वाली महिला पूजा जायसवाल ऐशबाग की रहने वाली है। महिला के पति की करवा चौथ के चार दिन पहले गोरखपुर में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। तभी से पूजा अवसाद में चल रही थी। महिला आज गोमतीनगर के 1090 चौराहे आई थी। जिसके बाद उसने पुल पर पहुंच कर नदी में छलांग लगा दी।

चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद गोताखोरों ने महिला को नदी से बाहर निकाला। वहीं लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। महिला की हालत ठीक है। सूचना पर पहुंचे परिजन महिला को अपने साथ घर ले गए।

यह भी पढ़ें- घरेलू कलह से परेशान युवती ने रिवर फ्रंट से लगाई गोमती में छलांग, गोताखोरों ने बचाया