लखनऊ आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, खिड़कियों के शीशे चिटके, बाप-बेटे गिरफ्तार, सामने आई ये वजह

वंदे भारत ट्रेन पर
पत्थरबाजी में चिटके वंदे भारत ट्रेन के शीशे

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। मंगलवार को यूपी में कुछ लोगों ने गोरखपुर-लखनऊ सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को निशाना बनाया। दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी में ट्रेन के कोच संख्या सी-1, सी-3 और एग्जीक्यूटिव कोच की चार खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं, हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई है। इस मामले में पुलिस ने मुन्‍नू पासवान व उसके दो बेटे अजय व विजय को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों इसी ट्रेन से अपनी बकरियों के कट जाने के चलते आक्रोशित थे।

दरअसल, अपनी शेड्यूल के मुताबिक गोरखपुर से लखनऊ आ रही वंदे भारत ट्रेन (22549) अपने निर्धारित समय सुबह 06:05 बजे गोरखपुर के प्लेटफॉर्म संख्या दो से रवाना हुई। ट्रेन अयोध्या तक पहुंची, लेकिन जब यह अयोध्या से आगे सोहावल और देवराकोट के बीच पहुंची तब दोनों ओर से ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरु हो गयी। उस समय लगभग 08:40 बजे होंगे।

यह भी पढ़ें- पेड़ की डाल की चपेट में आने से डैमेज हुई पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, कैंसिल, चार दिन पहले पीएम मोदी ने हरि झंडी दिखा किया था रवाना

पत्थरबाजों ने मध्य कोचों के दोनों ओर से पत्थर चलाये। इससे यात्री घबरा गए और बोगियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल, ट्रेन रुकी नहीं और अपनी रफ्तार से आगे बढ़ती चली गयी। इसके बाद रेलवे सुरक्षाबल की टीम ने घटना की जानकारी कन्ट्रोल रूम को दी।

वहीं अयोध्या में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पिता और दो पुत्रों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अयोध्‍या के मुताबिक नौ जुलाई को इसी वंदे भारत ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर मुन्‍नू पासवान की छह बकरियों की कटकर मौत हुई थी। इससे आक्रोशित होकर तीनों ने वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी। तीनों से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल के पास पत्थरबाजी की घटना के बाद से मामला गरमाया हुआ है।

बता दें कि भारतीय रेल की हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत पर पत्थरबाजी की घटना नई नहीं है। इससे पहले केरल में तिरुनवाया और तिरुर के बीच ट्रेन पर पथराव का मामला सामने आया था। इस हमले में ट्रेन के कोच के शीशे टूट गए। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में गुदुर के पास भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव हुआ था।

यह भी पढ़ें- अब गाय से टकराकर क्षतिग्रस्‍त हुई वंदे भारत एक्‍सप्रेस, रोकनी पड़ी ट्रेन