सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग

ग्रीन कॉरिडोर में भ्रष्‍टाचार
सड़क धंसने के बाद मिट्टी भराव करती जेसीबी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की हजारों करोड़ की लागत वाली ग्रीन कॉरिडोर परियोजना लगातार तरह-तरह के सवालों के घेरे में है। इसी क्रम में विपक्ष ने भी ग्रीन कॉरिडोर में भ्रष्‍टाचार होने का आरोप लगाते हुए योगी सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। आज यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ग्रीन कॉरिडोर से कनेक्‍ट सड़क धंसने को लेकर कहा है कि उद्घाटन का फूल सूखने से पहले ही ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने अपना रंग दिखा दिया है।

यह भी पढ़ें- GoodNews: आखिरकार खुल गया ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज, 15 मिनट में समता मूलक से पहुंचेंगे डालीगंज, रक्षामंत्री व सीएम ने किया उद्घाटन, कहीं ये बातें

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने 13 मार्च को ग्रीन कॉरिडोर फेज-टू का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व सूबे के सीएम योगी आदित्‍यनाथ द्वारा उद्घाटन किए जाने को लेकर आज तंज भी कसा है। अखिलेश ने मीडिया से बातचीत के दौरान योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार ने अपना रंग दिखा दिया। अभी तो ग्रीन कॉरिडोर के उद्घाटन में सजे फूल भी नहीं सूखे थे, जो दो-तीन दिन पहले ग्रीन था, अब विलीन हो गया।

अब भाजपा सरकार खुद से वसूली करवाएगी या…

योगी सरकार से सवाल करते हुए अखिलेश ने कहा कि इसके लिए अब भाजपा सरकार ख़ुद से वसूली करवाएगी या खुद पर बुलडोजर चलवाएगी। सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि यह सरकार महाभ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। योगी सरकार में हर काम और हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार है। जल जीवन मिशन में बजट की लूट और पानी की टंकियां के ढहने को प्रदेश की जनता पहले ही देख चुकी है। भाजपा सरकार ने पूरे उत्‍तर प्रदेश को भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा दिया है।

यह भी पढ़ें- 13 मार्च को होगा बहुप्रतीक्षित ग्रीन कॉरिडोर फेज-टू का उद्घाटन, मिट्टी खिसकने की बात भी आयी सामने

इतने गहरे गड्ढे, यह तो वही बताएंगे जिन्होंने बनाया

ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण से जुड़े एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि “इतना पैसा लगने के बाद इतने गहरे गड्ढे हैं, यह तो वही बताएंगे जिन्होंने बनाया है। दिल्ली वाले तो हो सकता है अच्छा काम करना चाहते हो, यह लखनऊ वालों को गड्ढे पसंद है, इन्होंने रात में बुलडोजर ले जाकर खोद दिया होगा।”

झूठे दावे-वादों को समझ चुकी जनता

अंत में अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे दावों और वादों को समझ चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्‍ता से हटाकर यूपी में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाएगी।

यह भी पढ़ें- ग्रीन कॉरिडोर, काला पहाड़ झील व हेरिटेज जोन के काम में लापरवाही के आरोप में एलडीए ने लगाया तीन ठेकेदारों पर 11 लाख का जुर्माना

बताते चलें कि 13 मार्च को हुए उद्घाटन के तीन दिन अंदर ही ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ी सड़क पर मिट्टी धंसने की वजह से काफी विशालकाय और गहरा गड्ढा हो गया था, हालांकि गनीतम यह रही कि जिस समय धंसी वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था नहीं रहागीरों की जान भी जा सकती थीं। वहीं 15 मार्च को इस घटना का पता चलते ही जल निगम व एलडीए की टीम ने ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ी बीरबल साहनी रोड को एक साइड से बंद करवाते हुए गड्ढे को भरवाना शुरू कर दिया था, जो मंगलवार की देर रात तक जारी था।

यह भी पढ़ें- कमिश्‍नर रोशन जैकब के औचक निरीक्षण में सुस्‍त मिला ग्रीन कॉरिडोर व PMAY का काम, दो ठेकेदारों पर लगा जुर्माना, EE की रोकी सैलरी