हरियाणा-पंजाब में कृषि बिल का पुरजोर विरोध, पूर्व मुख्यमंत्री के घर के सामने किसान ने पिया जहर, हालत गंभीर  

कृषि बिल का पुरजोर विरोध

आरयू वेब टीम। मोदी सरकार के कृषि बिल के खिलाफ किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। हरियाणा और पंजाब के किसान सड़कों पर हैं और कृषि से जुड़े तीन बिल को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की कोठी के सामने धरने में बैठे एक किसान ने जहर पी लिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के घर के बाहर धरने पर बैठे प्रीतम सिंह नामक किसान ने आज सुबह छह बजकर 30 मिनट पर जहर पी लिया। वह मानसा के अकाली गांव का रहने वाला है। प्रीतम सिंह को सबसे पहले बादल गांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसे बठिंडा के मैक्स हॉस्पिटल में ले जाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- किसान विधेयक के विरोध पर जेपी नड्डा ने कहा, कांग्रेस को राजनीति के सिवाय कुछ नहीं आता

बताते चलें कि ये पूरा विवाद केंद्र के उन तीन कृषि विधेयकों को लेकर है। इसमें कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) बिल, मूल्य आश्वासन और कृषि सेवाओं पर किसान (संरक्षण एवं सशक्तिकरण बिल) और आवश्यक वस्तु संशोधन बिल शामिल है। इन अध्यादेशों को लेकर यह कहा जा रहा है कि किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य ही आमदनी का एकमात्र जरिया है, अध्यादेश इसे भी खत्म कर देगा। इसके अलावा कहा जा रहा है कि ये अध्यादेश साफ तौर पर मौजूदा मंडी व्यवस्था का खात्मा करने वाले हैं।

पंजाब और हरियाणा के किसान पिछले तीन महीने से इन अध्यादेशों का पुरजोर विरोध कर रहे हैं, हालांकि मोदी सरकार इन्हें किसान हितैषी बता रही है और अपने स्टैंड पर कायम है। इसके बावजूद इन विधेयकों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में किसानों सड़क पर हैं। विपक्ष ने संसद शुरू होने से पहले ही साफ कर दिया था कि सदन में कृषि संबंधी अध्यादेशों का विरोध करेगी। अकाली दल ने भी बगावत का रुख अख्तियार कर लिया है।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल ने कृषि से जुड़े तीन विधेयकों को बताया किसान विरोधी, केंद्र सरकार से किया वापस लेने की मांग