करनाल में CM खट्टर के कार्यक्रम का विरोध कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज, पानी की बौछार, दागे गए आंसू गैस के गोले

किसानों पर लाठीचार्ज
पानी की बौछार के बीच किसान।

आरयू वेब टीम। हरियाणा के करनाल में रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है और आंसू गैस के गोले दागे, इसके अलवा प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है। जिसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल का दौरा रद्द हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल किसान महापंचायत को संबोधित करने आ रहे थे। कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसान खट्‌टर की रैली का भी विरोध करने कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े तो पुलिस ने उनको रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, वाटर कैनन भी चलाई, लेकिन सभी इंतजामों को धता बताते हुए सैकड़ों किसान खट्‌टर की रैली स्थल तक पहुंच गए।

यह भी पढ़ें- कृषि कानून के विरोध में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, टिकैत बोले, हम मई 2024 तक आंदोलन को तैयार

गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर को आज करनाल जिले के कैमला गांव में किसान महापंचायत रैली में आना था। इससे पहले किसान संगठनों की तरफ से विरोध की चेतावनी के चलते प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिससे गढ़ी सुल्तान के पास पुलिस ने नाका लगा रखा था, लेकिन प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पहले हेलीपैड को कस्सियों से खोद दिया, फिर रैली स्थल पर पहुंचकर कुर्सियां, माइक और मंच सब तहस-नहस कर दिया गया। आखिर नतीजा यह हुआ कि मुख्यमंत्री का दौरा रद्द करना पड़ा। हालांकि, प्रशासन ने कार्यक्रम रद्द होने का कारण खराब मौसम बताया है।

इस बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ रैली स्थल से यह कहते हुए निकल गए कि कार्यक्रम संपन्न हो गया। साथ ही मुख्यमंत्री के नहीं आने का कारण खरब मौसम को बताया जा रहा था, लेकिन सच्चाई बयां करने के लिए तमाम हालात काफी हैं। हालांकि तनाव अभी भी बरकरार है।

यह भी पढ़ें- Video Tweet कर प्रियंका ने कहा,“किसानों को बुलाने वाली सरकार बरसा रही आंसू गैस के गोले, इसी क्रूर व्‍यवहार ने ली अब तक 60 किसानों की जान”