दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद से हटाए गए मनोज तिवारी, मेयर आदेश गुप्ता को मिली जिम्मेदारी

हटाए गए मनोज तिवारी

आरयू वेब टीम। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलावर को प्रदेश स्तर पर पार्टी में बड़े बदलाव किए हैं। मनोज तिवारी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह आदेश कुमार गुप्ता को नियुक्‍त किया है। भाजपा की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। वहीं दिल्ली के साथ ही छत्तीसगढ़ और मणिपुर में प्रदेश अध्यक्षों को बदला गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज तिवारी का कार्यकाल दिसंबर महीने में ही खत्म हो रहा था। हालांकि चुनाव की वजह से उनके कार्यकाल को बढ़ाया गया था। अब मनोज तिवारी की जगह उत्तर दिल्ली के मेयर आदेश गुप्ता पर काफी जिम्मेदारियां होगी कि वह कैसे दिल्ली में अपनी पार्टी को मजबूत कर पाते हैं। जबकि छत्तीसगढ़ में विक्रम उसेंडी की जगह विष्णुदेव साय प्रदेश अध्यक्ष पद संभालेंगे। मणिपुर में के भावनानंद सिंह की जगह एस टिकेंद्र सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- बोले मोदी, मुझे भारत की क्षमता, प्रौद्योगिकी व उद्योग दिग्गजों पर पूरा भरोसा, वृद्धि के रास्ते पर लौटेगा देश

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद से ही मनोज तिवारी पर एक्शन के कयास लग रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, मनोज तिवारी ने खुद ही इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया था। तिवारी को सोमवार को दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।

इतना ही नहीं मनोज तिवारी ने कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन के दौरान ही हरियाणा के सोनीपत में क्रिकेट मैच खेलने जाकर सरकार की किरकिरी कराई थी। इस दौरान उन्होंने मास्क भी नहीं पहना था और मैच के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी ध्यान नहीं रखा। इस पर भी उनकी काफी आलोचना हुई थी। सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद मनोज तिवारी ने सफाई दी थी कि सभी गाइडलाइन का पालन किया गया था। हालांकि वायरल वीडियो उनके दावों की हवा निकाल रहे थे।

यह भी पढ़ें- #ModiSarkar2: वर्चुअल सभा में बोले स्‍वतंत्र देव, प्रधानमंत्री मोदी ने दी आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि