हेमंत सोरेन ने ली मुख्‍यमंत्री पद की शपथ, तीसरी बार संभालेंगे झारखंड की कमान

हेमंत सोरेन
मुख्य्मंत्री पद की शपथ लेते हेमंत सोरेन।

आरयू वेब टीम। हाल ही में जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बन गए हैं। गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी, जिसके बाद वह तीसरी बार राज्‍य की कमान संभालेंगे। बुधवार को इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

झामुमो ने इससे पहले दिन में बताया था कि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने हेमंत सोरेन को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और वह सात जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। झामुमो नीत गठबंधन ने बाद में फैसला किया कि सोरेन आज ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चंपई सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और धनशोधन के एक मामले में जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत को मिली जमानत, बाहर निकलते ही सोरेन ने कहा, मनगढंत कहानी बना मुझे पांच महीने जेल में रखा

2019 के विधानसभा चुनाव में जेएमएम कांग्रेस गठबंधन की जीत के बाद हेमंत सोरेन झारखंड के सीएम बने थे। भूमि घोटाले से संबधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने हेमंत सोरेन के खिलाफ केस दर्ज किया। साल 2024 के 31 जनवरी को जांच एजेंसी ने लंबी पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ने पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद दो फरवरी 2024 को चंपई सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री बने। 28 जून 2024 को हेमंत सोरेन जमानत के बाद जेल से बाहर आए और आज हेमंत सोरेन तीसरी बार झारखंड के सीएम बने।

सबसे पहली बार वह 2013 में सीएम बने थे। इसके बाद 2019 में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और वे दूसरी बार सीएम बने थे। हेमंत झारखंड में तीन बार सीएम पद की शपथ लेने वाले तीसरे नेता होंगे। इसके पहले उनके पिता शिबू सोरेन और भाजपा के अर्जुन मुंडा तीन-तीन बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं।

यह भी पढ़ें- हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने कहा, झारखंड नहीं झुकेगा