झारखंड के सरायकेला में नक्सलियों ने किया IED ब्‍लास्‍ट, 11 जवान गंभीर रूप से घायल

सरायकेला
घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाते लोग।

आरयू वेब टीम। 

झारखंड के सरायकेला में मंगलवार सुबह नक्सलियों द्वारा आइईडी ब्लास्ट में 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सीआरपीएफ की 209 कोबरा यूनिट के आठ जवान और झारखंड पुलिस के तीन जवान शामिल हैं। ये जवान स्‍पेशल ऑपरेशन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सरायकेला में कुछई इलाके में धमाका हुआ और जवान धमाके की चपेट में आ गए। घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: कांकेर में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में BSF के चार जवान शहीद, दो घायल

वहीं एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए स्‍थानीय मीडिया को बताया कि तड़के करीब पांच बजे राय सिंदरी पहाड़ पर नक्सलियों ने धमाका किया। ब्लास्ट के बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग भी की। घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

धमाका उस समय हुआ जब सीआरपीएफ की विशेष टीम कोबरा और झारखंड जगुआर के जवान सुबह लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (एलआरपी) से लौट रहे थे। ऐसा संदेह है कि नक्‍सलियों ने आइईडी को कच्ची सड़क के नीचे दबा कर रखा गया था। फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

मालूम हो कि नक्सलियों द्वारा आइईडी ब्लास्ट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 30 अप्रैल को हुए नक्सली हमले में पुलिस के 15 जवान शहीद हो गए थे। शहीद हुए जवान पुलिस की सी-60 फोर्स के कमांडो थे।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों का सेना के काफिले पर हमला, 15 जवान शहीद, 27 गाड़ियां भी फूंकीं