आरयू वेब टीम। झारखंड में जनता ने सत्‍ताधारी भारतीय जनता पार्टी को नकारते हुए विपक्षी महागठबंधन पर भरोसा जताया है। जनता ने झमुमो अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन के वादों पर भरोसा जताने के साथ ही महागठबंधन को बहुमत का जनादेश दिया है।

गठबंधन को बहुमत के लिए 41 सीटें चाहिए, लेकिन जनता ने झामुमो-कांग्रेस-राजद महागठबंधन को 47 सीटें दी हैं। जिसके बाद अब झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद के महागठबंधन की सरकार होगी।

चुनाव परिणाम में झामुमो ने 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट मिली हैं। इसके साथ ही अब विपक्षी महागठबंधन के पास कुल 47 सीटें हैं। वहीं इस बार सत्‍ताधारी दल भाजपा 37 से 25 सीटों पर सिमट गई है। इसी के साथ चुनाव में भाजपा का 65 सीटें जीतने का सपना टूट गया। वहीं महाराष्ट्र में सत्ता से बाहर होने के बाद अब झारखंड भी भाजपा के हाथ से फिसल गया। एक साल में भाजपा ने पांच राज्यों (राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और अब झारखंड) में सत्ता गंवा दी है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में बीजेपी की हार पर अमित शाह ने कहा, हम जनादेश का करतें हैं सम्‍मान, CM रधुवर दास ने भी दिया इस्‍तीफा

आज सुबह शुरु हुई मतगणना के दौरान 65 पार का दावा करने वाली भाजपा का कमल मुरझाने लगा था। वहीं पिछली बार से नौ सीटें कम लाकर मुख्यमंत्री रघुवर दास पार्टी की प्रतिष्ठा बचाने में भी कामयाब नहीं रहे। सत्ता साझीदार होने पर भी भाजपा के साथ बिना गठबंधन के चुनाव लड़ रही आजसू को भी करारा झटका लगा है। 2014 में पांच सीटों पर जीतने वाली आजसू इस बार महज दो सीटों पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें- झारखंड में महागठबंधन की जीत पर बोले हेमंत सोरेन, राज्‍य गठन का उद्देश्‍य पूरा करने का आ गया समय

चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी जमशेदपुर पूर्व सीट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। रघुवर सरकार के मंत्री राज पलिवार मधुपुर से और लोईस मरांडी दुमका से चुनाव हार गए हैं। विधानसभाध्यक्ष दिनेश उरांव को भी झामुमो के हाथों अपनी सिसई सीट गंवानी पड़ी है। रघुवर सरकार में आजसू कोटे से मंत्री रामचंद्र सहिस भी जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए हैं। इतना ही नहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को भी चक्रधरपुर में पराजित होना पड़ा है। लगातार चुनाव हार रहे पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की विधानसभा में फिर से वापसी हो गई है।

यह भी पढ़ें- झारखंड मे बोले मोदी, आदिवासी संस्कारों की वजह से ही भगवान राम राजकुमार से बन सके मर्यादा पुरषोत्तम

ऐसा रहा झारखंड विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पार्टियों का प्रदर्शन

पार्टी    2014    2019

झामुमो     19     30

भाजपा     37      25

कांग्रेस      06     16

राजद        0      01

आजसू       05      02

झाविमो      08      03

माले         01      01

एनसीपी      0       01

निर्दलीय      05      02

बसपा        01       0