हिमाचल की चुनावी रैली में गरजे PM मोदी, कांग्रेस यानी भ्रष्टाचार-घोटाले व अस्थिरता की गारंटी

कांगड़ा की चुनावी रैली
जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी।

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि कांग्रेस अस्थिरता की गारंटी है। भ्रष्टाचार और घोटाले की गारंटी है। कांग्रेस विकास के कार्यों को रोकने की गारंटी है, जबकि भाजपा को लेकर कहा कि भाजपा ने राजनीति में विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया है।

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक बार यहां से गई तो फिर नहीं लौटी। जनता सब जानती है और इस बार भी बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने कहा कि जब हिमाचल में स्थिर सरकार होगी और उसके पास डबल इंजन की ताकत होगी तो हिमाचल चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई को भी छुएगा।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज भाजपा की पहचान सुशासन से है, और गरीब कल्याण नीतियों से है। भाजपा वही बातें करती है जो कर सकती है। वहीं कई राजनीति दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं।

आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमचाल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा।

यह भी पढ़ें- रोजगार मेले में बोले PM मोदी, 21वीं सदी का ये दशक जम्मू-कश्मीर के इतिहास का सबसे अहम

साथ ही मोदी ने कहा, सबसे पहले मैं हिमाचल भाजपा को विकास का नया संकल्प लेने के लिए, इतना अच्छा घोषणापत्र बनाने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हिमाचल भाजपा के 11 शुभ संकल्प यहां के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। कांगड़ा की धरती शक्तिपीठों की धरती है। भारत की आस्था और अध्यात्म का एक तीर्थ है। बैजनाथ से लेकर काठगढ़ तक, इस भूमि में बाबा भोले की असीम कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहती है।

यह भी पढ़ें- ‘वंदे भारत’ को हरि झंडी दिखा PM मोदी का कांग्रेस पर निशाना, “अटकाना, लटकाना, भटकाना, भूल जाना, हमारा रास्ता नहीं”