सपा-रालोद मिलकर लड़ेंगे रामपुर-मैनपुरी सीट का उपचुनाव, खतौली में होगा रालोद का प्रत्याशी

यूपी उपचुनाव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर लड़ेंगे। इनमें मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे, जबकि खतौली विधानसभा सीट पर रालोद का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। सपा ने बुधवार को इसका ऐलान किया।

इन दोनों सीटों पर पांच दिसम्बर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। वहीं राज्यसभा सांसद और आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि खतौली विधानसभा उपचुनाव में आरएलडी के सिंबल पर चुनाव लड़ा जायेगा। गठबंधन का प्रत्याशी आरएलडी के सिंबल पर चुनाव लड़ेगा। जयंत चौधरी ने कहा कि पूर्व में भी खतौली सीट पर गठबंधन का प्रत्याशी ही आरएलडी के सिंबल पर चुनाव लड़ा था। वहीं रामपुर और मैनपुरी में गठबंधन का प्रत्याशी सपा के सिंबल पर मैदान में होगा।

साथ ही जयंत चौधरी ने कहा कि इस बार खतौली की जनता को एक बार फिर मौका मिला है। उम्मीद है कि जनता पॉजिटिव सोच के व्यक्ति को चुनेगी। उन्होंने मैनपुरी और रामपुर उपचुनाव को लेकर कहा कि वहां गठबंधन का प्रत्याशी सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ेगा। रालोद अध्यक्ष ने कहा कि मैनपुरी का अपना राजनीतिक इतिहास है और उम्मीद है कि लोग उसी पर कायम रहेंगे।

यह भी पढ़ें- इन राज्यों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, पांच दिसंबर को वोटिंग व आठ को आएंगे नतीजे

मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर विधानसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। सपा संस्थापक और सांसद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी की सीट खाली हो गई है। वहीं सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान को विवादित बयान मामले में कोर्ट से सजा मिलने के बाद रामपुर विधानसभा सीट गंवानी पड़ी।

बता दें कि मुजफ्फरनगर की खतौली सीट पर भाजपा विधायक विक्रम सैनी की भी सदस्यता रद्द हो गई है। कोर्ट ने विक्रम सैनी मुजफ्फरनगर कवाल दंगे में सजा सुनाई है। इसके बाद यहां उपचुनाव हो रहा है।

यह भी पढ़ें- आजम खान की सदस्‍यता रद्द होने पर जयंत चौधरी ने विधानसभा अध्‍यक्ष से पूछा, क्‍या सत्‍ता व विपक्ष के विधायक के लिए कानून अलग-अलग