होली पर लखनऊ आने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, हवाई किराया तीन गुना, ट्रेनों में लंबी वेटिंग

किराया बढ़ा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। होली के त्योहार पर घर लौटने की तैयारियों के बीच दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु और हैदराबाद से लखनऊ आने वाले यात्रियों को बढ़े किराए का सामना करना पड़ेगा। चार मार्च को होली मनाने के लिए लखनऊवासी दो-तीन दिन पहले ही अपने शहर लौटना चाहते हैं। बढ़ती मांग के चलते हवाई टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं, जबकि ट्रेनों में लंबी वेटिंग यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।

जानकारी के मुताबिक मुंबई से लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराए में भारी उछाल देखने को मिला। दो मार्च को इंडिगो का किराया 10,416 रुपये, एयर इंडिया का 13,058 रुपये और अकासा एयर का 11,791 रुपये तक पहुंच गया है। तीन मार्च को यही किराया क्रमशः 11,416 रुपये, 16,193 रुपये और 12,890 रुपये हो गया। सामान्य दिनों में यही टिकट लगभग 5,000 रुपये में मिल जाता है।

वहीं दिल्ली से लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराए भी दोगुने से अधिक हो गए हैं। दो मार्च को इंडिगो का किराया 8,053 रुपये और एयर इंडिया का 8,263 रुपये दर्ज किया गया। तीन मार्च को यह किराया क्रमशः 7,948 रुपये और 11,893 रुपये तक पहुंच गया, जबकि आम दिनों में यही यात्रा करीब 4,000 रुपये में पूरी हो जाती है। बंगलुरु से आने वाली इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों का किराया भी दस से 11 हजार रुपये के बीच पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह लगभग 5,500 रुपये रहता है। हैदराबाद से लखनऊ के लिए उड़ानों का किराया 11 से 12 हजार रुपये के बीच दर्ज किया गया है।

इसके अलावा हवाई किराए में बढ़ोतरी के साथ-साथ ट्रेन यात्रियों को भी राहत नहीं मिल रही। दिल्ली से लखनऊ आने वाली तेजस एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग चल रही है। एसी एक्सप्रेस और लखनऊ मेल जैसी ट्रेनों में भी स्लीपर और थर्ड एसी श्रेणी में सीटों की भारी कमी है। मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस में भी कई श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति बन गई है।

यह भी पढ़ें- #GoodNews: होली पर यूपी में रहेगी चार दिन की छुट्टी, त्योहार से पहले मिलेगा कर्मियों को वेतन

रेलवे सूत्रों के अनुसार, होली से पहले लखनऊ आने के लिए करीब 70 हजार से अधिक यात्री वेटिंग सूची में हैं। नियमित ट्रेनों में सीटें न मिलने के कारण यात्रियों की नजर अब तत्काल कोटे की लगभग 4,200 सीटों पर टिकी है। इन सीटों की बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले होती है, जिससे प्रतिस्पर्धा और बढ़ जाती है। त्योहार की उमंग के बीच महंगे टिकट और लंबी वेटिंग ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें- होली से पहले यात्रियों को राहत, लखनऊ समेत कई रूट पर चलेंगी 20 स्पेशल ट्रेनें