यूपी में बारिश ने होली के रंग में डाला भंग, लखनऊ में तेज बारिश, आगरा में गिरे ओले

झमाझम बारिश
बारिश में सड़कों पर भीगते लोग। (फोटो आरयू।)

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी में होली में हुई बारिश ने रंग में भंग डाल दिया। मौसम ने अचानक करवट ली। बुधवार को लखनऊ में करीब 30 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। आगरा में बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, वाराणसी में बूंदाबांदी हुई। कानपुर में बादलों की आवाजाही लगी रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

इस दौरान पूर्वांचल के जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की धूप निकली थी, लेकिन हवा में ठंडक थी। दोपहर होते-होते अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से मौसम ठंडा हो गया।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, अलीगढ़, हाथरस, मैनपुरी, एटा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, संतकबीर नगर, वाराणसी और इसके आस-पास के जिलों में अगले तीन दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले चार मार्च 2020 को होली के दिन बारिश हुई थी। मौसम में यह उठा-पटक पश्चिमी विक्षोभ के चलते हो रही है। पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में भी बारिश हो रही है।

यह भी पढ़ें- सर्द हवाओं ने बदला मौसम का तेवर, IMD ने जारी की बारिश-तूफान की चेतावनी

पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान रहा। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अगले तीन -चार दिन हल्की बारिश हो सकती है। बाकी, मौसम शुष्क बना रहेगा। साथ ही, न्‍यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

कानपुर में बुधवार को सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। मंगलवार को दोपहर बाद से बादल छा गए। धूप खिली, लेकिन परेशान करने वाली नहीं रही। अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके विपरीत न्यूनतम पारा एक डिग्री कम हो गया। तापमान 15.6 से गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे हल्के बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है।

यह भी पढ़ें-  लखनऊ में बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, मौसम विभाग ने यूपी के जिलों में जारी किया अलर्ट