आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। 13 अगस्त से पूर्वांचल से मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ते हुए मध्य और पश्चिमी यूपी तक पहुंच सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने 20 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण 12 अगस्त तक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त से प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।
यह भी पढ्रें- UP: फिर करवट लेगा मौसम, वाराणसी-रामपुर समेत 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
वहीं 13 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 14 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत आस-पास के क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।




















