दिल्‍ली-NCR में आंधी के बाद बारिश ने दिलाई लोगों को गर्मी से राहत

मौसम विभाग
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। तेज गर्मी और उमस से परेशान दिल्‍लीवासियों को बुधवार शाम को मौसम में आए बदलाव ने राहत  दी है। उमस के बीच दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। इससे पहले मौसम विभाग ने हल्की बारिश का अनुमान जताया था। मौसम विभाग ने कहा, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी और आसपास के मैदानी भागों में गरज के साथ बारिश जारी रहेगी। दरअसल पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में आठ जून को कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में बदलाव आया है।

वहीं मौसम की ऐसी ही स्थिति हरियाणा में भी देखने को मिल सकती है। उत्तरी राजस्थान में चक्रवाती हवा का असर है जिसका प्रभाव आसपास के इलाकों में देखा जा सकता है। चक्रवाती हवाएं उत्तरी पाकिस्तान से बंगाल की खाड़ी के कम दबाव वाले क्षेत्र में चल रही हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में आंधी-बारिश के बाद महसूस किए गए भूकंप के झटके, 3.5 मापी गई तीव्रता

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अनुमान के मुताबिक तापमान में वृद्धि देखी गई। अच्छी खबर ये है कि इस बीच दक्षिण पश्चिम मानसून, पश्चिम मध्य और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

मौसम विभाग ने कहा, ‘दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों में आगे बढ़ा है।’ इसका असर कई राज्यों पर पड़ेगा। परिणाम स्वरूप दस जून यानी आज से पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है और ये 13 जून तक जारी रह सकता है।

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार और गुरुवार को हल्की बारिश की बूंदें पड़ सकती हैं। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- मौसम ने बदले तेवर, लखनऊ में तेज हवा-बारिश के साथ गिरे ओले