आरयू वेब टीम। पाकिस्तान जेल में बंद पूर्व कप्तान और पाक के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मदद के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव और सुनील गावस्कर समेत 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने चिंता जताई है। साथ मदद से लिए हाथ बढ़ाते हुए इन कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को ईमेल के जरिए लेटर भेजा है। जिसमें इमरान को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने और उनके साथ निष्प्क्ष व्यवहार करने की मांग की है।
पूर्व कप्तानों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संबोधित लेटर में कहा, ‘इमरान पाकिस्तान ही नहीं बल्कि विश्व क्रिकेट के दिग्गजों में शुमार हैं। 1992 में उनकी कप्तानी के दम पर ही पाकिस्तान विश्व चैंपियन बना और उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। वर्तमान में वह जेल में बंद हैं और उनके स्वास्थ्य में गिरावट हो रही है। यहां तक कि उनकी आंखें भी कमजोर हो गई है। ऐसे में सरकार को उनसे निष्पक्ष व्यवहार करना चाहिए।’
वहीं गावस्कर और कपिल समेत कुल 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान के लिए पाकिस्तान सरकार के सामने तीन प्रमुख मांग रखी है। इनमें इमरान का उनकी पसंद के विशेषज्ञ चिकित्सकों से तत्काल अच्छा इलाज कराने, उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत मानवीय और गरिमापूर्ण कैद देने और उन्हें परिवार के सदस्यों के साथ दोस्तों से भी मिलने की अनुमति देने और उन्हें निष्पक्षता के साथ कानूनी लड़ाई लड़ने का मौका पूरा मौका दिए जाने की मांग शामिल है।
इमरान की मदद के लिए लेटर भेजने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों में कपिल और गावस्कर के अलावा माइकल एथर्टन, एलन बॉर्डर, माइकल बेयरली, डेविड गावर, किम ह्यूजेस, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड और स्टीव वॉ आदि शामिल हैं।
गौरतलब है कि इमरान कई घोटालों के आरोप में 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें लाहौर में गिरफ्तार किया गया था और अब वो रावलपिंडी की आदियाला जेल में कैद हैं। उनकी दाहिनी आंख में गंभीर दृष्टि हानि की शिकायत के बाद 15 फरवरी को डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की थी। हालांकि, उन्हें अभी तक उचित उपचार नहीं मिला है। इसके बाद पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने उनकी मदद से लिए पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखा है।



















