पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी पर भड़की जनता का हिंसक प्रदर्शन, पाक सेना मुख्यालय में घुसी भीड़, कोर कमांडर के घर तोड़फोड़-आगजनी

पाकिस्तान रेंजर्स
इमरान खान को ले जाते पाकिस्तान रेंजर्स।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आज हुई गिरफ्तारी पर उनके समर्थकों का गुस्सा भड़क उठा है। लोगों ने जमकर हंगामा, तोड़-फोड़ व आगजनी की। इतना ही नहीं भीड़ रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में घुस गई। अक्रोशित जनता ने आर्मी के कोर कमांडर के घर में घुसकर भी तोड़-फोड़ की। इस्लामाबाद में स्थिति बहुत तनावपूर्ण है, लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया है और रात तक हालात खराब होते जा रहे थे।

दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तान रेंजर्स ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर से मंगलवार (9 मई) को गिरफ्तार किया। अर्धसैनिक बलों द्वारा इमरान खान को गिरफ्तार कर लिए जाने के बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद में प्रदर्शन और हंगामा किया। इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी। इमरान खान को अर्धसैनिक बलों ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिये इस्लामाबाद हाई कोर्ट में मौजूद थे।

इससे एक दिन पहले ही इमरान खान ने देश की सेना पर कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। वहीं, सेना ने आरोप लगाया था कि खान खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं।

पार्टी की वरिष्ठ नेता शिरीन मजारी के अनुसार, लाहौर से संघीय राजधानी इस्लामाबाद आए पीटीआइ प्रमुख इमरान खान अदालत में बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजर रहे थे, तभी अर्धसैनिक बल के जवानों ने कांच की खिड़की को तोड़ दिया और वकीलों तथा खान के सुरक्षा कर्मचारियों की पिटाई करने के बाद उन्हें ( इमरान खान को) गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- इमरान खान की रैली में हुई फायरिंग, पूर्व PM समेत पांच लोग घायल

जानकारी के अनुसार इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है, क्योंकि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में सेना की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया और दंगे जैसी स्थिति पैदा कर दी। खबरों में कहा गया है कि पीटीआइ कार्यकर्ताओं ने लाहौर में भी सड़कों को जाम कर दिया और प्रदर्शन किया, जबकि पेशावर में रेडियो स्टेशन पर भी आग लगा दी गई।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान: थाने पर आतंकी हमला, पुलिस वाहन को बम से उड़ाया, चार अफसरों की मौत, छह घायल