आरयू इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। जिसमें 40 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोगों घायल बताए जा रहे हैं।अधिकारियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब बस बलूचिस्तान के शेरानी जिले के दाना सर इलाके से निकलकर खैबर पख्तूनख्वा में प्रवेश कर रही थी। मौके पर पहुंची राहत बचाव टीम युद्धस्तर पर जुटी।
मीडिया से बातचीत में आपातकालीन केंद्र के प्रमुख सनाउल्लाह शेरानी ने कहा, ‘क्वेटा से पेशावर जा रही यात्री बस धना सर इलाके में गहरी खाई में गिर गई थी। 40 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और अन्य 11 लोग घायल है।’ उन्होंने कहा कि जिन घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, उनमें तीन की हालत गंभीर है। ये ‘बस करीब 70 से 80 फीट ऊंचाई से गिरी थी।’
रिपोर्ट के मुताबिक बस क्वेटा से रवाना हुई थी, जिसके खराब होने के बाद यात्रियों को दूसरी बस में बिठाया गया, जिससे वो ओवरलोड हुई और हादसा हुआ। इस संबंध में बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में घायल हुए लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाया जा सके।
वहीं शेरानी के डिप्टी कमिश्नर हजरत वाली काकर ने स्थानीय मीडिया को बताया कि बस क्वेटा से 36 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी, लेकिन रास्ते में एक दूसरी बस खराब हो जाने के कारण कुछ और यात्री इस बस में सवार हो गए थे। इससे बस पर सवारियों की संख्या बढ़ गई थी। प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति हादसे की वजह हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की और अधिकारियों को घायलों के सर्वोत्तम इलाज का निर्देश दिया है।




















