यूपी निकाय चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार थमा, 11 मई को होगा 38 जिलों में मतदान

चुनाव प्रचार थमा
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने चुनावी जिलों में सभाएं कीं तो समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी कानपुर में रोड शो करके जनता से समर्थन की अपील की है। इसी के साथ दूसरे चरण के मतदान से पूर्व मंगलवार शाम चुनाव प्रचार थम गया। 38 जिलों के 370 निकायों में 11 मई को मतदान होगा।

दूसरे चरण में सात नगर निगम में मेयर और नगर निगम के 590 वार्डों में सभासदों के लिए चुनाव होगा। नगर निगमों में 6111 मतदेय स्थल और 1798 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 95 नगर पालिका परिषदों के चेयरमैन, नगर पालिका परिषद के 2551 वार्डों में सदस्यों का चुनाव होना है। 268 नगर पंचायत के अध्यक्षों और नगर पंचायतों के 3495 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान होंगे।

कुल निकायों की बात करें तो 11 मई को 370 निकायों में चुनाव होना है। इसमें 6636 वार्ड हैं और पदों की संख्या 7006 है। 19,618 मतदान स्थल होंगे और 6378 कुल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में एक करोड़ 92 लाख 32 हजार चार मतदाता हैं। उनमें से एक करोड़ दो लाख 16 हजार 992 पुरुष मतदाता हैं और 90 लाख 15 हजार 12 महिला मतदाता हैं।

दूसरे चरण में 38 जिलों की 95 नगर पालिका अध्यक्षों के लिए भी 969 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद के 2551 वार्ड सदस्यों के पद पर 13,315 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 268 नगर पंचायत के अध्यक्ष के पदों पर 2942 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 3495 नगर पंचायत सदस्य पदों पर 17,997 उम्मीदवार हैं। सात नगर निगमों में महापौर के पदों के लिए 83 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव के दूसरे चरण में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

इनमें 40 महिला और 43 पुरुष उम्मीदवार हैं। नगर निगम के 590 वार्डों में पार्षद पद के लिए 3840 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। इस प्रकार से दूसरे चरण में 39 हजार 146 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 16 हजार 521 महिला और 22 हजार 625 पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इन जिलों में पड़ेंगे वोट

दूसरे चरण में 11 मई को मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, फर्रूखाबाद, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, बांदा, अयोध्य़ा, सुलतानपुर, अम्बेडकर नगर, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, संत कबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, सोनभद्र, भदोही व मीरजापुर में मतदान होगा।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव मतदान ड्यूटी के दौरान मैनपुरी में SDM वीरेंद्र कुमार की हार्ट अटैक से मौत