आरयू वेब टीम। नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो- 6E812 फ्लाइट से मंगलवार को पक्षी टकरा गया। इससे विमान की नागपुर में ही इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। प्लेन में 272 यात्री सवार थे। हवा में एक पक्षी से टकराने की वजह से विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विमान के पक्षी से टकराने के बाद वो लड़खड़ाने लगा। जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। सभी लोग घबरा गए और दहशत में आ गए। लोगों से शांत रहने की अपील की गई। पायलट ने अपनी सूझ-बूझ का इस्तेमाल करके फौरन सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
दुर्घटना सुबह 7:01 बजे की है। विमान को 8:50 बजे कोलकाता पहुंचना था। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान से एक पक्षी टकरा गया। इससे विमान की नोज (सबसे आगे का हिस्सा) को नुकसान पहुंचा। वह अंदर धंस गई। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद अब सीनियर एयरपोर्ट डायरेक्टर आबिद रूही का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, इंडिगो की नागपुर-कोलकाता उड़ान संख्या 6E812 पर पक्षी के टकराने की आशंका है। हम घटना की जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- आसमान में खुला एयर इंडिया की फ्लाइट का कार्गो गेट, यात्रियों में मची हड़कंप, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले ऐसा ही एक मामला दो जून को भी सामने आया था। झारखंड की राजधानी रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को बर्ड हिट के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि पक्षी के टकराने की वजह से आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में सवार सभी 175 यात्री सुरक्षित थे।
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया था, इंडिगो का एक विमान रांची के पास एक पक्षी से टकरा गया। ये घटना लगभग दस से 12 समुद्री मील दूर, लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर हुई।




















