आरयू वेब टीम। इंदौर में शुक्रवार को तेज रफ्तार कार और एक ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस एक्सीडेंट में कांग्रेस के दिग्गज नेता एमपी के पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा प्रखर समेत तीन लोगों की मौत हुई है और एक गंभीर रुप से घायल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य कर मामले की जांच शुरू की।
मिली जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा इंदौर के रालामंडल इलाके में शुक्रवार भोर में करीब 5:15 बजे हुआ। जहां एक तेज रफ्तार नेक्सन कार (MP13 ZS8994) कोहरा के कारण सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। मौके पर पहुंची पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि नेक्सन कार में पूर्व मंत्री की बेटी प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का राठी सवार थे। जो प्रखर का बर्थडे पार्टी मनाकर महू से इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। मृतकों में प्रेरणा, प्रखर, मनसिन्धु शामिल हैं। वहीं अनुष्का घायल हैं।
टक्कर कितनी भयानक थी इसका अंदाजा तो कार की हालत देखकर लगाया जा सकता है। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। जेसीबी की मदद से कार को उठाया गया है। साथ ही कांच और खिड़की तोड़कर अंदर से शव निकाले गए। वहीं एक्सीडेंट के बाद बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- UP: प्राइवेट बस-ट्रक की भीषण टक्कर में लगी आग, तीन की मौत, 25 यात्री घायल
वहीं पुलिस को कार से शराब की बोतल मिली है। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि हो सकता है कि चालक शराब के नशे में होगा। कार को बर्थडे बॉय प्रखर चला रहा था। रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम ने बताया कि कार में सवार युवक-युवतियां पार्टी मनाकर लौट रहे थे। मृतकों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।




















