जमशेदपुर टाटा स्टील प्लांट जोरदार ब्लास्ट, कई मजदूर घायल

टाटा स्टील प्लांट

आरयू वेब टीम। जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में आज एक हादसा हो गया है। स्टील प्लांट में ब्लास्ट के बाद अचानक आग लग गई, जिसमें कई मजदूर घायल भी हुए है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची राहत बचाव टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं टाटा स्टील प्लांट में आग की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जरूरी निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार आग सुबह 10:20 बजे के आस-पास टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के कोक डिवीजन में जोरदार ब्लास्ट के बाद लगी। धमाके और आग की सूचना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कोक प्लांट के बैटरी नंबर पांच, छह और सात के क्रॉस ओवर में अचानक से ब्लास्ट हो गया। गैस रिसाव भी हुआ, जिसके बाद पूरे एरिया में अफरा-तफरी मच गई।

विस्फोट और आग लगने के बाद एंबुलेंस व दमकल की गाड़ियां तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गईं। जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई। इस दौरान कई कर्मचारी घायल भी हो गए, जिनको गंभीर चोटें आई है। जिसे टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया है। स्थिति पर काबू पा लिया गया है।

ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आरएमएम, सिंटर प्लांट वन और टू में भगदड़ मच गई। सारे कर्मचारियों को आपात हालात में बाहर निकाला गया जहां से उनको सुरक्षित स्थान ले जाया गया। उधर, आग पर काबू पाने के लिए दमकलों को बुलाया गया। बताया जा रहा है कि घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

यह भी पढ़ें- सिल्क सिटी ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या हुई दस, 11 से अधिक घायल

उधर, घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कर्मचारियों को प्लांट से बाहर निकाल दिया गया है और आसपास के एरिया को खाली कराकर वहां पर गैस रिसाव को रोकने का काम किया गया। वैसे प्लांट के बैटरी संख्या पांच, छह, सात में आई खराबी का असर बैटरी संख्या आठ और नं में भी दिखा है फिलहाल, प्लांट को फिर से चालू करने की कवायद तेज कर दी गई है।

वहीं आग की खबर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज के लिए कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- UP: पॉलिटेक्निक कॉलेज के किचन में ब्लास्ट से 13 छात्र समेत 15 झुलसे, दो की हालत गंभीर