जाने नेताजी की प्रतिमा पर माल्‍यापर्ण कर राज्‍यपाल और योगी ने कही कौन सी खास बातें

राज्यपाल और योगी
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्या्पर्ण करते राज्यपाल और मुख्यमंत्री।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर आज राज्‍यपाल राम नाईक और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हजरतगंज में सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आज महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेता जी की जयंती पर पूरा देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद कर उन्‍हें नमन कर रहा है।

योगी ने कहा कि जब आजादी के लिए देश के अंदर आंदोलन संचालित हो रहे थे। तब लोगों के बीच इसे लेकर अलग-अलग बात सामने आ रही थी। उस समय नेताजी ने जापान और सिंगापुर जैसे राष्ट्रों की मदद से लोगों के बीच स्वतंत्रता की लड़ाई लडऩे की अलख जगाई थी।

यह भी पढ़ें- हिंदी को पूरे देश में संवाद की भाषा बनाने का होना चाहिए प्रयास: योगी

इतना ही नहीं आजाद हिंद फौज जैसा सशक्त संगठन तैयार किया। तुम मुझे खून दो मैं तुम्हे आजादी दूंगा, नेताजी का यह उदघोष उस समय नौजवानों का मंत्र था। आज भले ही भौतिक रूप से नेताजी हमारे बीच नहीं हैं। उनका कृतित्व देश के युवकों में राष्ट्रीयता की भावना बढ़ाता है। एक भारत श्रेष्ठ भरत के लिए प्रेरित कर रहा है।

नेताजी की सेना में महिलाओं का भी योगदान: राज्‍यपाल

राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि रानी लक्ष्मी बाई का योगदान स्वतंत्रता आंदोलन में जिस तरह रहा, उसी तरह नेताजी की सेना में महिलाओं का भी योगदान रहा। आज अपने देश में लोगों को संगठित करना मुश्किल होता है, लेकिन उस समय विदेश में उन्होंने सबको एकजुट करने का बीड़ा उठाया था। उनके पास अद्भुत संगठित करने की शक्ति थी। उन्‍होंने कांग्रेस में भी कई पदों पर काम किया। राज्‍यपाल ने आजादी की लड़ाई में लखनऊ के योगदान के विषय में बताते हुए कहा कि 1916 में कांग्रेस का अधिवेशन लखनऊ में हुआ था।

यह भी पढ़ें- बाबा साहब को याद कर बोले योगी, छोटे को बड़ा करने में महानता

वहीं योगी सरकार की तारीफ करते हुए राम नाईक ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश अस्तित्व में आया। इसे लेकर राज्य सरकार भव्य आयोजन कर रही है। प्रदेश के दिन कैसे बदल रहे हैं, यह इस बार की गणतंत्र दिवस परेड में देखने को मिलेगा। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने कदम-कदम बढ़ाए जा और सबसे ऊंचा है दुनिया में झंडा हमारा गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में मेयर संयुक्ता भाटिया, एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव, मंत्री ब्रजेश पाठक, डीएम कौशलराज शर्मा, सुधीर हलवासिया और उदय खत्री, एलयू के कुलपति एसपी सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।