आरयू ब्यूरो, लखनऊ/कानपुर। कानपुर एयरपोर्ट पर रविवार को दिल्ली के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान के अंदर अचानक हड़कंप मच गया। फ्लाइट क्रू ने जब चीख-पुकार सुनी तो पाया कि अंदर चूहा घूस गया है। आनन-फानन में सभी यात्रियों को डी-बोर्ड कर जांच शुरू की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पर दोपहर 2:10 बजे इंडिगो की फ्लाइट पहुंची थी और निर्धारित समयानुसार 2:50 बजे उसे दिल्ली के लिए रवाना होना था। विमान के उड़ान भरने से कुछ समय पहले ही यात्रियों की नजर केबिन में घूमते एक चूहे पर पड़ी और हड़कंप मच गया। सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तुरंत फ्लाइट को रोका गया और सभी यात्रियों को डी-बोर्ड कर दिया गया। एयरपोर्ट स्टाफ ने पूरे विमान में चूहे को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
एयरलाइंस के टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड क्रू ने मिलकर विमान के हर कोने की गहन जांच की, ताकि उड़ान के दौरान किसी तरह का खतरा न बने। फ्लाइट में मौजूद यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया। यात्रियों ने भले ही इस घटना को लेकर नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से 161 यात्रियों को लेकर उड़ी एयर इंडिया की फ्लाइट में आई खराबी, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
इस संबंध में एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि जब तक चूहे का पता नहीं चल जाता और विमान पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, तब तक उड़ान नहीं भरेगी। इस घटना के कारण कानपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में करीब एक घंटे से ज्यादा की देरी हो सकती है। एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार जानकारी दी जा रही है। फिलहाल एयरपोर्ट पर सर्च ऑपरेशन जारी है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।



















