तालाबों में छोड़ी गईं 25 हजार ‘गंबूजिया’ मछली, करेगी डेंगू से बचाव

गंबूजिया' मछली
तालाब में गंबूजिया मछली छोड़ते अधिकारी।

आरयू संवाददाता, फिरोजाबाद। जिले में डेंगू का प्रकोप रोकने के लिए ‘गंबूजिया’ मछलियों का सहारा लिया गया है। फिरोजाबाद नगर निगम की टीमों ने सोमवार को ‘गंबूजिया’ मछलियों को कई तालाबों में छोड़ा है। जहां जलभराव है, वहां भी इन मछलियों को छोड़ा गया है। ये मछलियां पानी में पनपने वाले मच्छरों के लार्वा और उनके अंडों को खा लेती हैं। नगर निगम ने गंबूजिया मछलियां को बदायूं से मंगाया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार ने मीडिया को बताया कि अब तक करीब 25,000 मछलियों को कई तालाबों में छोड़ा जा चुका है। सोमवार को नगर निगम की टीमों ने इन मछलियों को तालाबों में छोड़ा है। विशेषज्ञों के मुताबिक गंबूजिया मछलियां मच्छरों के लार्वा को खाती है। इससे मच्छरों से डेंगू फैलने का खतरा कम होगा। जलभराव वाले स्थानों पर केरोसिन डालने से भी लार्वा नहीं होता है।

यह भी पढ़ें UP में वायरल व डेंगू का कहर, कानपुर-लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में भर्ती में हुए मरीज

इसके अलावा डेंगू और वायरल फीवर की रोकथाम के लिए प्रभावित इलाकों में नगर निगम की टीमें विशेष रूप से सफाई व्यवस्था के साथ फॉगिंग और एंटीलार्वा का छिड़काव करेंगी।

नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा ने कहा कि अधिक मरीज वाले वार्डों में विशेष रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अलग से टीमों का गठन कर दिया गया है।

वार्ड संख्या छह आजाद नगर, वार्ड संख्या 12 ककरऊ कोठी, वार्ड संख्या 20 इंद्रपुरी, वार्ड संख्या 38 रहना डेंगू और वारयल से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र है। इन वार्डों में दोनों समय फॉगिंग के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव के साथ चूना डलवाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें सृष्टि अपार्टमेंट के बेसमेंट में भरा पानी, आवंटियों को सता रहा डेंगू का डर, एलडीए से फिर लगाई गुहार

वार्ड संख्या 31 महावीर नगर, वार्ड संख्या 18 बासठ, वार्ड संख्या 28 हिमायूंपुर और वार्ड संख्या 36 नगला पचिया के कुछ मोहल्लों को चिह्नित कर विशेष रूप से अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है।