केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला, लद्दाख का आंदोलन बन सकता है देश की लड़ाई

केजरीवाल
लेह में प्रदर्शन करते छात्र।

आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लद्दाख मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। साथ ही केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि हमने अंग्रेजों से इसलिए आजादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेजों की बजाय भाजपा की गुलाम बन जाए? आप नेता ने कहा देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज का लद्दाख का आंदोलन, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।

यह भी पढ़ें- लद्दाख आंदोलन के बीच सोनम वांगचुक की संस्था के खिलाफ CBI का एक्शन, जांच शुरू

अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट में कहा, “आज लद्दाख में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए। हमने अंग्रेजों से इसलिए आजादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेजों की बजाय आजपा की गुलाम बन जाए? भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान दिया था ताकि हर भारतीय को अपनी खुद की सरकार चुनने का अधिकार मिले, लेकिन आज भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है।”

यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक के आंदोलन में छात्रों की पुलिस से झड़प, युवाओं ने फूंका भाजपा कार्यालय व वाहन

आप संयोजक ने अपने पोस्ट में आगे कहा “लद्दाख के लोग क्या मांग रहे हैं? वो सिर्फ अपनी वोट का अधिकार, सरकार चुनने का अधिकार मांग रहे हैं, लेकिन भाजपा उनकी आवाज दबा रही है। बार-बार वादा कर के भी उन्हें वोट का अधिकार नहीं दे रही। लोकतंत्र जनता की आवाज है और जब सरकार वही आवाज दबाने लगे तो जनता का ये कर्तव्य है कि वे और बुलंद आवाज में बोले। देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज लदाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।

 

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री की अपील पर केजरीवाल की मोदी को सलाह, पहले खुद करें स्‍वदेशी सामानों का इस्‍तेमाल