आरयू वेब टीम। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ मीटिंग के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की सरकार जनहित में काम कर रही है। पंजाब को ऐसा मॉडल बनाएंगे कि पूरा देश देखेगा। पंजाब को पूरे देश के लिए मॉडल स्टेट बनाएंगे। पंजाब में हमने स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प किया। तीन साल में हम 50 हजार से ज्यादा नौकरी दे चुके हैं। वह भी बिना भ्रष्टाचार के। एक घर में दो से तीन नौकरियां भी मिली हैं। दिल्ली चुनाव में पार्टी की हार पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी ने पैसे बांटे। बीजेपी ने गुंडागर्दी की। मान ने कहा कि चुनाव में हार जीत चलती रहती है।
दरअसल मंगलवार को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सभी मंत्रियों और विधायकों-सांसदों के साथ बैठक की। सीएम मान ने कहा, ‘पंजाब की पूरी कैबिनेट और हमारे सभी विधायकों की कपूरथला हाउस में हमारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ मीटिंग हुई। आप की पंजाब इकाई ने दिल्ली चुनाव के दौरान कड़ी मेहनत की थी, इसके लिए अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने पंजाब के नेताओं को धन्यवाद दिया। पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत सारे काम कर रही है। चाहे वह बिजली के क्षेत्र में हो, शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हो। हमें इन कार्यों को और गति देनी है।’
यह भी पढ़ें- केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा लेटर, कहा AAP कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे भाजपाई
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के दस सालों के शासनकाल में दिल्ली में जो काम हुए, पिछले 75 साल में उतना काम नहीं हुआ। जीत और हार चुनावी राजनीति का हिस्सा है। हम दिल्ली के अनुभव का उपयोग पंजाब में करेंगे। हम दिल्ली के जनादेश का सम्मान करते हैं। हम पंजाब को एक मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करेंगे। हम ऐसा पंजाब मॉडल बनाएंगे जिसे पूरा देश देखेगा। हमें विकास के कार्यों पर फोकस रखना होगा। हम साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। अधिक से अधिक लोगों के दिल कैसे जीते जाएं, उस दिशा में काम करेंगे। बड़ी कंपनियों ने पंजाब में निवेश करना शुरू कर दिया है- जिनमें ग्रासिम और टाटा स्टील शामिल हैं।’