आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा असम के मुख्यमंत्री हेमंता विस्वा सरमा पर की गई टिप्पणी पर शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या ने राहुल गांधी ने निशाना साधा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्हें अपनी हार का शतक लगाने की जल्दबाजी है, असम में भारतीय जनता पार्टी की जीत उनकी इस ख्वाहिश को जरूर पूरा करेगी।
केशव मौर्या ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्टकर कहा कि असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पर ओछी टिप्पणी कर राहुल गांधी ने साबित कर दिया है कि उनका सांसद के तौर पर पांच बार और एक बार लोकसभा में विपक्ष के नेता का अनुभव कुंठा से लबालब है।
केशव ने आगे कहा कि आम आदमी की तो छोड़िए, गांधी संवैधानिक पद पर बैठे किसी ज़िम्मेदार व्यक्ति को भी किसी क्षण अपमानित कर सकते हैं। साथ ही कहा कि वे यह नहीं जानते कि हिमंता बिस्वा सरमा पर उनकी ओछी टिप्पणी समूचे उत्तर-पूर्वी राज्यों का अपमान है। श्री गांधी को अपनी हार का शतक लगाने की जल्दबाजी है, असम में भाजपा की जीत उनकी ख्वाहिश जरूर पूरा करेगी।
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाले के खिलाफ दलित-पिछड़े अभ्यर्थियों ने घेरा केशव मौर्या का आवास, उठाई सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की मांग
गौरतलब है कि एक दिन पहले बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सरमा को भारत का ‘सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’ बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरमा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ‘लैंड एटीएम’ चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
आगे कहा की, “भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा हैं और उनका परिवार भी भ्रष्टाचार के मामले में पहले नंबर पर है। कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। अभी वह चाहे जितनी डींगें मार लें, उसके बाद वह पूरी तरह चुप हो जाएंगे।”




















