आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। सेना की एक गाड़ी सड़क से फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दस जवानों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल बताए जा रहे है। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा भदेरवाह के खानी टॉप इलाके में हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक बुलेटप्रूफ कैस्पर था, जिसमें कुल 20 जवान सवार थे। यह वाहन एक ऊंचाई वाले पोस्ट की ओर जा रहा था, लेकिन अचानक वाहन के चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि मौके पर ही चार जवानों की मौत हो गई। जबकि कुछ ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। वहीं दस अन्य घायल हुए, कुछ गंभीर रूप से घायल जवानों को हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट किया गया है, ताकि उनका बेहतर इलाज हो सके।
दूसरी तरफ, अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क पर फिसलन या चालक का नियंत्रण खोना कारण हादसे का कारण माना जा रहा है।
वहीं हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डोडा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हमारे दस वीर जवानों की जान चली गई। इससे वे बेहद दुखी हैं। हम उनके उत्कृष्ट सेवा भाव और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
यह भी पढ़ें- रामबन में सेना की गाड़ी 700 फीट गहरी खाई में गिरी, तीन जवान शहीद
उपराज्यपाल ने आगे कहा कि इस गहरे दुख की घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है। उन्होंने बताया कि दस घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों को उनके सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में खाई में गिरी CRPF की बस, तीन जवानों की मौत,15 घायल




















