विधानसभा के सामने खुद को आग लगाने वाली महिला की मौत, कांग्रेस नेता के खिलाफ मुकदमा

अंतरात्‍मा की आवाज

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। विधानसभा के समाने आग लगाने वाली महिला अंजलि तिवारी की बुधवार शाम सिविल अस्‍पताल में मौत हो गयी है। वहीं इस मामले में कांग्रेस के नेता आलोक प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कांग्रेस नेता पर महिला को आत्‍मदाह के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेस ने आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

पुलिस बुधवार रात तक यूपी कांग्रेस दलित के अध्‍यक्ष आलोक प्रसाद से पूछताछ कर रही थी, पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच कई बार बात हुई थी। इसी के आधार पर आलोक के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली के दरोगा नरेंद्र प्रताप राय ने खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कराया है। साथ ही हजरतगंज पुलिस ने बुधवार सुबह गोमतीनगर स्थित आवास से आलोक को हिरासत में ले लिया।

आलोक के पिता स्व. सुखदेव प्रसाद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्र में इस्पात व खान राज्यमंत्री के महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अंजली ने जब आत्मदाह का प्रयास किया था, उस वक्‍त आलोक भी आसपास मौजूद थे। पुलिस ने उसकी  लोकेशन मिलने का दावा किया है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा के सामने महिला ने लगाई आग, हालत गंभीर, महाराजगंज पुलिस से पहले ही कही थी आत्‍मदाह की बात

बताते चलें कि मंगलवार की दोपहर विधानसभा के सामने महराजगंज की महिला अंजली तिवारी ने पेट्रोल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली थी। पुलिस जब तक आग बुझाती महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी, हालांकि पुलिस ने आग बुझाकर उसे सिविल अस्‍पताल में भर्ती कराया था। अंजलि का कहना था कि पहले पति से संबंध खत्म होने के बाद वह नाम और धर्म बदलकर आसिफ रजा नाम के युवक के साथ अलग घर में रह रही थी। आसिफ सऊदी अरब चला गया तो वह रहने के लिए उसके घर गई, मगर उसके परिवारीजनों ने रखने से इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत की पर उसे कोई मदद नहीं मिली। वह मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आ गई। पर, उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार को उसने खुद को आग लगा ली थी।

कांग्रेस ने बताया दलितों पर अत्‍याचार

आलोक प्रसाद को हिरासत में लिए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट कर इसे दलितों पर अत्याचार की दिशा में एक और कदम बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी ट्वीट किया कि प्रदेश सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए साजिशों का खेल कर रही है। उधर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हजरतगंज जाकर एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा से मुलाकात आलोक को हिरासत में लेने पर विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़ें- पिता की आत्‍महत्‍या के बाद न्‍याय न मिलने पर लोकभवन के सामने आत्‍मदाह करने पहुंचीं पुजारी की बेटियां