मोदी की कैबिनेट में एकाएक फेरबदल, किरेन रिजिजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल होंगे कानून मंत्री

अर्जुन राम मेघवाल

आरयू वेब टीम। मोदी सरकार ने कैबिनेट में एक अहम बदलाव किया है। किरेन रिजिजू को कानून मंत्रालय से हटाकर कम महत्‍व वाला पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय सौंपा गया है। कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी अर्जुन राम मेघवाल को दी गई है। राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को किरेन रिजिजू के स्थान पर उनके मौजूदा विभागों के अलावा कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।

केंद्र सरकार ने गुरुवार को दो मंत्रियों के विभागों में बदलाव करते हुए किरेन रिजिजू की जगह संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री बनाया। रिजिजू को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों को विभागों का दोबारा आवंटन किया है।

यह भी पढ़ें- जज नियुक्ति पैनल में अपना प्रतिनिधि चाहती है केंद्र सरकार, कानून मंत्री ने CJI को लिखा पत्र

बता दें कि कानून मंत्री के रूप में किरेन रिजिजू ने अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे। कॉलेजियम से लेकर कई मुद्दों पर भी उन्होंने कई बयान दिए। उन्हें कानून मंत्रालय से हटाकर दूसरा मंत्रालय दिए जाने की खबर अचानक ही आई। इसे लेकर पहले से किसी तरह का अनुमान नहीं जताया गया था।

यह भी पढ़ें- कानून मंत्री के सामने ही CJI एनवी रमन्‍ना ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर उठाए सवाल