आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रातिष्ठान (IGP) में बुक वैवाहिक समारोह की बुकिंग लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इस बार बहाल कर दी है। एकाएक शादियों की बुकिंग कैंसिल करने के फैसले की सोशल मीडिया समेत चारों तरफ किरकिरी होने के बाद एलडीए ने आज सभी 41 बुकिंग फिर से करने को कहा है। प्राधिकरण के इस फैसले से शादियों के लिए आइजीपी के विभिन्न हॉल व लॉन बुक करने वालों ने राहत की सांस ली है।
यह था मामला-
हाल ही में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (पांच) के आयोजन के लिए इन्वेस्ट यूपी ने 21 से 30 नवंबर तक आइजीपी बुक करने के लिए प्राधिकरण से कहा था। बड़े अफसरों का फरमान आते ही एलडीए के अधिकारियों ने भी उनके सामने अपने नंबर बढ़ाने के लिए इन दस दिनों के बीच बुक आम जनता के वैवाहिक कार्यक्रमों की 41 बुकिंग एक झटके में कैंसिल करते हुए कहीं और इंतजाम करने का फरमान जारी कर दिया था।
शादियां सर पर होने के दौरान प्राधिकरण के इस फैसले की जानकारी लगते ही लोग सकते में आ गए थें। अधिकतर परिवारों ने आइजीपी के एड्रेस वाले शादी के कार्ड भी बांट दिए थे और सहालग में इतनी जल्दी दूसरी जगह होटल, गेस्ट हाउस, लॉन आदि बुक करना भी संभव नहीं हो पा रहा था। बुकिंग कराने वाले लोगों के साथ ही इन कार्यक्रम में काम करने वाले टेंट, लाइट, फ्लावर व कैटरिंग के वेंडरों के लिए भी समस्या खड़ी हो गयी थीं।
यह भी पढ़ें- इंतजार खत्म, जांच पूरी होने से पहले ही LDA अपनी सबसे बदनाम योजना के भूखंडों को भी करने लगा फ्री-होल्ड
जनता से सीधे जुड़े इस मामले ने मीडिया और सोशल मीडिया पर तूल पकड़ा तो सीएम योगी आदित्यनाथ के कानों तक भी एलडीए के कारनामें की गूंज पहुंची। सीएम ने मामले की गंभीरता देख तत्काल अफसरों के पेंच कसते हुए जनता की बुकिंग बहाल करने के निर्देश दिए। जिसके बाद आज प्राधिकरण ने बुकिंग बहाल भी कर दी। दूसरी ओर इन्वेस्ट यूपी भी आज एलडीए को पत्र भेजते हुए अपनी बुकिंग कैंसिल करने का आग्रह कर खुद ही पीछे हट गया।
पिछली बार नहीं पसीजा था अफसरों का दिल
आम जनता की भावनाओं और उनके कार्यक्रम को अनदेखी एलडीए ने कोई पहली बार नहीं की थीं। सूत्र बताते हैं कि पिछले साल फरवरी में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (चार) की बुकिंग के समय भी प्राधिकरण ने लगभग 20 दिनों के करीब 50 वैवाहिक कार्यक्रमों की बुकिंग इसी तरह कैंसिल कर दी थीं। उस समय भी लोगों को काफी परेशान होने के साथ ही प्राधिकरण के अधिकारियों से मिन्नतें करनी पड़ी थीं, हालांकि इस बार की तरह पिछली बार किरकिरी नहीं होने के चलते अफसरों ने उनकी एक नहीं सुनी थीं और लोगों को ऐन टाइम अन्य जगाहों पर एडजस्ट करते हुए शादियां करनी पड़ी थीं।
तय तारीख पर कर सकेंगे आयोजन: प्रथमेश कुमार
वहीं आज बुकिंग बहाली के बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए मीडिया को बताया कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5.0 के लिए 21 से 30 नवंबर के तक निरस्त की गयीं सभी 41 बुकिंग बहाल कर दिया गया है। अब विवाह समारोह आदि के लिए बुकिंग कराने वाले लोग तय तारीखों पर आईजीपी में अपने आयोजन कर सकेंगे। इस बारे में इन्वेस्ट यूपी से पत्र भी प्राप्त हो गया है, जिसके मुताबिक फिलहाल उन्हें आइजीपी की बुकिंग की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल
वीसी ने यह भी कहा कि लोग अपनी निर्धारित तिथियों पर प्रतिष्ठान में समारोह आयोजित कर सकेंगे। जिन लोगों ने अपने स्तर से बुकिंग कैंसिल करा दी थी, उन्हें फिर से उसी डेट पर हॉल/लॉन बुक कराने का विकल्प दिया जाएगा। इसके लिए कोई अन्यत्र शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्राधिकरण की तरफ से सभी को सूचना भेजी जा रही है।



















