अंग्रेजों की तरह शोषण कर रही बीजेपी सरकार, हक के लिए आवाज उठाने पर किसानों को मिल रही पुलिस की लाठी व जेल

किसानों की समस्‍याओं

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। किसानों की समस्‍याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने उत्‍तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए संगीन आरोप लगाएं हैं। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता अराधना मिश्रा ‘मोना’ ने आज कहा है कि भाजपा सरकार किसानों का अंग्रेजों की तरह शोषण कर रही है।

उन्‍होंने अपने एक बयान में मीडिया को तर्क देते हुए कहा कि मंहगाई बढ़ती जा रही है, बिजली के दाम बढ़ते गये, उर्वरक के दाम बढ़े, डीजल-पेट्रोल महंगा हुआ, कीटनाशक के दाम भी बढ़े, सिंचाई, निराई व गुड़ाई मजदूरी बढ़ी, लेकिन इन सबके बावजूद किसानों के गन्ना मूल्य में पिछले दो सालों से भाजपा सरकार ने कोई वृद्धि नहीं की।

यह भी पढ़ें- किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी के लिए प्रियंका ने लिखा यूपी के सीएम को पत्र

वहीं गन्ना उत्पादन की लागत काफी बढ़ जाने से सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। ऐसे हालात में मजबूर होकर गन्ना किसान अपने हक के लिए आंदोलन कर हैं तो उन पर दमनात्मक कार्रवाई करते हुए पुलिस की लाठियां और जेल मिल रही है। हमला जारी रखते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों का उत्‍पीड़न बढ़ता जा रहा है। बीजेपी ने हमेशा से ही किसानों के साथ धोखा किया है।

450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए गन्ने का दाम

किसानों की मांग के संबंध में अराधना मिश्रा ने कहा कांग्रेस गन्ना किसानों के उत्पीड़न की कठोर शब्दों में निंदा करती है और भाजपा सरकार से मांग करती है कि पुनर्विचार करते हुए गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, और लागत में 50 प्रतिशत समर्थन मूल्य तय किए जाएं।

सरकार की गलत नीतियों से प्रभावित हो रहें ढाई करोड़ लोग

विधानमंडल दल की नेता ने कहा कि यूपी के करीब 40 जिलों में गन्ने की खेती होती है और लगभग 50 लाख किसान गन्ने की फसल पैदा करते हैं। इन किसानों के परिवार से लगभग ढाई करोड़ लोग जुड़े है, जो सरकार की गलत नीतियों के कारण सीधे तौर पर प्रभावित हो रहें हैं।

यह भी पढ़ें- PF घोटाला मामले में अब अजय कुमार ने श्रीकांत शर्मा से पूछे सवाल, कांग्रेस ने दिन में किया प्रदर्शन, रात में फूंका पुतला