लगातार घट रही अनंत नगर के प्‍लॉट की डिमांड, 39 व 25 के बाद एक भूखंड के लिए हुए मात्र 11 रजिस्‍ट्रेशन

एलडीए

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। दशकों के इंतजार के बाद आयी लखनऊ विकास प्राधिकरण की आवासीय योजना अनंत नगर में प्‍लॉट लेना पहले के मुकाबले काफी आसान होता जा रहा। छह महीने में ही इस योजना के भूखंडों की डिमांड में करीब 70 प्रतिशत तक की गिरावट आयी है। इसके तीसरे चरण में 637 प्‍लॉट के लिये खोले गये पंजीकरण की डेट बढ़ाने के बाद भी मात्र 7429 आवेदकों ने रजिस्‍ट्रेशन कराया है, चार दिन पहले यह आंकड़ा लगभग 5800 तक ही था। जिसके बाद प्राधिकरण ने समय बढ़ाया था।

इस योजना के पहले चरण में बीते साल जून में जहां 334 प्‍लॉट के लिए 13031 लोगों ने आवेदन किया था, वहीं उसके दो महीने बाद जुलाई में 332 भूखंड के लिए 8568 आवेदन आये थें। इन सबके उलट इस बार पहले से करीब दोगुनी संख्‍या 637 प्‍लॉट होने के बाद भी मात्र 7429 लोगों ने आवेदन किया है।

प्राइवेट कंपनी से यूट्यबर तक कर रहें प्रचार, लेकिन…

एलडीए के प्‍लॉट की डिमांड में भरी कमी उसकी प्रापर्टी की लोकप्रियता और स्‍ट्रेटजी पर न सिर्फ सवाल खड़ा कर रहा, बल्कि अपनी जिम्‍मेदारी और साख के प्रति संजीदा अफसरों को भी चिंता में डाल रहा। अधिकारियों को सेाचना इसलिये भी पड़ रहा, क्‍योंकि प्राधिकरण के इतिहास में पहली बार बड़े पैमाने पर अपनी सं‍पत्तियों को बेचने के लिए एलडीए उनके प्रचार प्रसार में दोनों हाथों से पैसा खर्च कर रहा। इसके लिए न सिर्फ प्राइवेट कंपनी हायर की गयी है, बल्कि जगह-जगह विज्ञापन देने के अलावा प्रापर्टी बेचने वाले कई यूट्यूबरों तक को कमीशन पर काम दे दिया गया है।

यह भी पढ़ें- LDA की अनंत नगर का शुभारंभ कर बोले CM योगी, जितनी देर में आई आवासीय योजना उतनी ही जल्दी मिले जनता को लाभ

वहीं आज एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने एक बार फिर योजना की विशेषता मीडिया को बताते हुए कहा कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।

यह भी पढ़ें- अनंत नगर के पहले निरीक्षण में DM विशाख जी. ने जाना LDA की योजना का हाल, 13 हजार आवेदकों में होगी 334 भूखंडों की लॉटरी

वीसी ने भी आज कहा कि अनंत नगर योजना में पहले दो चरणों में 666 भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 22 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। तीसरे चरण में आकाश खण्ड के 617 और आदर्श खंड के 20 प्‍लॉट के लिए 20 दिसम्बर, 2025 से 16 जनवरी, 2026 के बीच ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसके सापेक्ष 7429 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया है।

IGP में होगी लॉटरी

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अब 30 व 31 जनवरी, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन आरक्षित श्रेणी के आवेदकों के बीच लॉटरी करायी जाएगी। वहीं, दूसरे व अंतिम दिन सामान्य श्रेणी के आवेदकों को लॉटरी से प्‍लॉट आवंटित किये जाएंगे। अपर सचिव ने कहा कि लॉटरी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिसमें आवेदकों के हाथों से ड्रा की पर्चियां निकलवायी जाएंगी। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अनंत नगर के प्‍लॉट की मांग में भारी गिरावट के बाद भी जानें एक भूखंड के लिए कितने लोगों ने किया आवेदन

पांच टाइप के हैं प्‍लॉट

तीसरे चरण में कुल 637 भूखंडों लिए पंजीकरण खोला गया था। इसमें 450 वर्गमीटर के 41, 288 वर्गमीटर के 224, 200 वर्गमीटर के 225, 162 वर्गमीटर के 90 और 112.5 वर्गमीटर के 57 प्‍लॉट शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 72 खुशनसीबों को एलडीए प्राइम लोकेशन पर देगा 11 लाख में फ्लैट, ढाई हजार भवनों वाली अटल नगर योजना भी लांच