लखनऊ में 15 अगस्त को बंद रहेगी शराब व भांग की दुकानें, आदेश जारी

15 अगस्त
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ में शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद रहेगी। जिलाधिकारी विशाख जी ने बुधवार को आदेश जारी किया। जिसमें बताया गया है कि राष्ट्रीय पर्व पर मदिरा बिक्री रोकने का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और कार्यक्रमों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को खत्म करना है। ये पाबंदी 15 अगस्त 2025 की पूरी रात और दिन प्रभावी रहेगी।

आदेश के मुताबिक जिले में देशी शराब की दुकानें, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग और ताड़ी की दुकानें, बार लाइसेंस धारी प्रतिष्ठान, सीएसडी डिपो, सभी सैन्य और अर्द्धसैनिक बलों की कैनटीन पूरी तरह बंद रहेंगी। शराब, भांग, ताड़ी और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में भारी बारिश के चलते 12वीं तक के सभी स्‍कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती पर पूरे देश में परंपरागत रूप से मदिरा बिक्री बंद रखने का प्रावधान है। प्रशासन का मानना है कि इन अवसरों पर सार्वजनिक स्थानों पर नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाकर समाज में अनुशासन और शांति बनाए रखी जा सकती है। इसी क्रम में लखनऊ में भी 15 अगस्त को ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है।

यह भी पढ़ें- वसूली की शिकायत पर डीएम लखनऊ विशाख जी ने मारा RTO ऑफिस में छापा, दलाल व भ्रष्‍ट अफसर-कर्मियों में हड़कंप, अवैध केंद्र भी सील