लखनऊ में फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास कर अमित शाह ने योगी को बताया UP का सबसे सफल CM, विपक्ष पर भी बोला हमला

फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूटफोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लखनऊ में फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि,योगी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। योगी प्रदेश के अब तक के सबसे कामयाब मुख्यमंत्री हैं।

गृह मंत्री ने कहा पहले उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं। माफिया अवैध तरह से जमीनों पर कब्जा करते थे। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने से पहले पश्चिमी यूपी से लोग पलायन कर रहे थे। प्रदेश दंगा ग्रस्त था। 2017 में भाजपा ने यूपी को विकसित बनाने का वादा किया था। आज योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को आगे ले जाने का काम किया है। पर चार साल के शासन के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज स्थापित हो चुका है। हमने कहा था शासन एक जाति के लिए नहीं, सबके लिए होगा।

शाह ने कहा कि, आज देश में चल रही विकास की 44 योजनाओं में सबसे आगे उत्तर प्रदेश है। योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने पूरे देश में इन 44 योजनाओं में सबसे पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास किया है। आज भ्रष्टाचारियों के दिल में योगी जी का भय है, जिसकी वजह से भ्रष्टाचार कम हुआ है। वहीं विपक्ष को निशाने पर लेते हुए शाह ने कहा भाजपा की सरकारें जातियों और परिवारों के आधार पर नहीं चलतीं, नजदीक के व्यक्तियों के लिए नहीं चलतीं।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में रुद्राक्ष का उद्धाटन कर बोले प्रधानमंत्री, भारत-जापान की सोच सबको जोड़ने वाला होना चाहिए विकास

वहीं विपक्ष पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिनको सरकार बनाने के सपने आ रहे हैं, उनके कानों तक ‘भारत माता की जय’ की आवाज जानी चाहिए। यूपी में जैसे चुनाव आते हैं नेता घर से निकल आते हैं और बयानबाजी करते हैं। ये नेता कोरोना के दौरान मुश्किलों से जूझती जनता की मदद नहीं करते। ये किसानों की मुश्किलों में काम नहीं आते, लेकिन चुनाव आते ही बयानबाजी में लग जाते हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम किया है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि विपक्ष के नेता एक बार फिर से 2022 में करारी हार के लिए मन बना लें। भाजपा यहां फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का ऐलान, छह महीनों में उत्‍तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में होंगे मेडिकल कॉलेज

कार्यक्रम के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ, बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह, डिप्‍टी सीएम केशव  प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा, अपर मुख्‍य सचिव सूचना  नवनीत सहगल, लखनऊ के पुलिस कमिश्‍नर डीके ठाकुर व डीएम अभिषेक प्रकाश समेत बीजेपी के तमाम नेता मंत्री के अलावा अधिकारी मौजूद रहें।