लखनऊ में भी ‘पठान’ मूवी के विरोध में हुआ प्रदर्शन, फूंका गया शाहरुख खान का पुतला

फिल्‍म पठान का विरोध

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान की पठान मूवी का विरोध चौतरफा जारी है। शुक्रवार को राजधानी में भी इस मूवी का विरोध शुरू हो गया है। हजरतगंज चौराहे पर शाहरुख खान के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। महिलाओं ने शाहरुख के पोस्टर पर चप्पलें मारीं, इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भाजपा युवा मोर्चा ने पुतला दहन कर विरोध जताया।

लखनऊ में करणी सेना ने शाहरुख का पुतला फूंककर विरोध करते हुए फिल्म को बैन करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन किया गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा और किसी भी घटना के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। करणी सेना के पदाधिकारियों का कहना है फिल्म में भगवा रंग का अपमान क्या गया है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिल्म पठान का बेशर्म रंग गाना 12 दिसंबर को रिलीज किया गया था। इस गाने को रिलीज के एक घंटे के अंदर ही एक मिलियन से भी ज्यादा व्यूज मिल गए थे। जहां कई लोगों ने इस गाने पर बेशुमार प्यार लुटाया था। वहीं कई मीम भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे‌‌, लेकिन अब इस गाने में दीपिका के लुक पर होती कॉन्ट्रोवर्सी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। दीपिका ने गाने में कई ग्लैमरस अवतार लिए हैं। जहां उन्होंने बिकिनी से लेकर मोनोकिनी तक पहनी है। इसे दीपिका का अब तक का सबसे बिंदास अंदाज कहा जा रहा है। गाने में दीपिका ने एक भगवा रंग की मोनोकिनी पहनी है, जिस पर हंगामा मच रहा है।

यह भी पढ़ें- धार्मिक संगठन की धमकी, ब्रह्मास्त्र फिल्म देखने वाले हिंदुओं का करेंगे मुंह काला

फिल्म का पहला गाना ‘बेशर्म रंग’ कुछ दिन पहले ही रिलीज हुआ और तभी से विवादों में आ गया है। गाने में दीपिका के भगवा रंग की बिकिना पहनने का विरोध हो रहा है। ‘पठान’ पर भगवा रंग का अपमान करने का आरोप लगाकर फिल्म के पोस्टर जलाए जा रहे हैं। किसी फिल्म के रिलीज होने से पहले ही उस पर विवाद खड़ा हो जाए तो आमतौर पर ये माना जाता है कि उस फिल्म के निर्माता ने ही इसे प्रायोजित करवाया होगा ताकि फ़िल्म हिट हो जाए। लेकिन शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की रिलीज होने वाली फिल्म “पठान” को लेकर जो बवाल अभी से मचा हुआ है, उसे लेकर फ़िल्म इंडस्ट्री में भी फिक्र बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- काली पोस्टर विवाद के बाद डायरेक्टर लीना ने पोस्ट की एक और विवादित तस्वीर, शिव-पार्वती को दिखाया सिगरेट पीते